महेंद्रकुमार दुबे बॉबी
जतारा। जनपद पंचायत जतारा की ग्राम पंचायत बैरवार में लगातार बारिश और पानी निकासी की व्यवस्था नहीं होने से प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क तालाब में तब्दील हो गई। सड़क पर जलभराव के कारण लोगों के घरों में पानी घुसने लगा और आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया। इससे नाराज ग्रामीणों और महिलाओं ने सड़क पर जाम लगाकर प्रदर्शन किया।
सूचना मिलते ही तहसीलदार पलक जैन, जतारा थाना पुलिस और जनपद अध्यक्ष प्रतिनिधि महेश यादव मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाइश दी और जेसीबी मशीन से पानी की निकासी कराई। करीब चार घंटे बाद जाम समाप्त हुआ और यातायात बहाल हो सका।
ग्रामीणों का आरोप है कि प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत सड़क निर्माण के दौरान नाली नहीं बनाई गई, जिससे हर बारिश में जलभराव की समस्या बनी रहती है। सरपंच सुरेंद्र सिंह दांगी द्वारा कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया गया।
तहसीलदार पलक जैन ने बताया कि सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर जाम खुलवाया गया तथा जेसीबी से पानी की निकासी कराकर स्थिति सामान्य कराई गई।