किशोर कुमार छत्तीसगढ़ स्टेट रिपोर्टर इंडियन टीवी न्यूज नेशनल
बिलासपुर/सूरजपुर जिले के विकासखंड ओड़गी अंतर्गत ग्राम पंचायत कर्री में सरकारी शिक्षा व्यवस्था की गंभीर लापरवाही सामने आई है। प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालय में कुल 9 शिक्षक पदस्थ हैं, लेकिन शनिवार को निरीक्षण के दौरान केवल एक शिक्षक ही विद्यालय में उपस्थित मिले। शेष 8 शिक्षक अनुपस्थित पाए गए।
मौजूद शिक्षक सूरज कुमार सिंह अकेले ही प्राथमिक और माध्यमिक दोनों विद्यालयों की जिम्मेदारी संभालते नजर आए। शिक्षकों की भारी कमी के कारण विद्यार्थियों की पढ़ाई बुरी तरह प्रभावित हो रही है।
शिक्षक सूरज कुमार सिंह ने बताया कि कुछ शिक्षक अवकाश पर हैं, जबकि कुछ बिना पूर्व सूचना के विद्यालय नहीं पहुंचे। ऐसे में दोनों स्कूलों का संचालन अकेले करना उनकी मजबूरी बन गई है।
इस घटना ने सरकारी स्कूलों में शिक्षा व्यवस्था और निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि शिक्षकों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने और विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए जिम्मेदार अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए।