दुद्धी सोनभद्र।म्योरपुर विकासखंड के विभिन्न ग्राम पंचायत में शनिवार को तहसील दिवस पर पत्र के माध्यम से लोगों ने वज्रपात अलार्म सिस्टम स्थापित करवाने हेतु जिलाधिकारी के नाम पत्र दिया है। क्षेत्र के अधिकांश गांव पहाड़ी एवं वनांचल क्षेत्रों में स्थित होने के कारण बरसात के मौसम में आकाशीय बिजली (वज्रपात) की घटनाओं का खतरा बना रहता है। समय-समय पर वज्रपात के कारण ग्रामीणों एवं पशुओं की जनहानि होने की घटनाएं भी सामने आती रहती हैं।
आकाशीय बिजली गिरने से होने वाली जनहानि की रोकथाम के लिए दुद्धी विकास खंड की तर्ज पर म्योरपुर विकास खंड के संवेदनशील एवं अधिक प्रभावित ग्रामों में वज्रपात अलार्म सिस्टम स्थापित कराया जाना अत्यंत उपयोगी एवं जनहितकारी कदम होगा। इस प्रणाली के माध्यम से ग्रामीणों को वज्रपात की संभावित चेतावनी समय रहते प्राप्त हो सकेगी, जिससे वे सुरक्षित स्थानों पर जाकर स्वयं एवं अपने परिवार को सुरक्षित कर सकेंगे। म्योरपुर विकास खंड के विभिन्न संवेदनशील ग्रामों में वज्रपात अलार्म सिस्टम स्थापित कराए जाने से आकाशीय बिजली से होने वाली जनहानि को प्रभावी ढंग से रोका जा सकेगा।पत्र के माध्यम से अशोक मौर्या,पूर्व प्रधान रामदयाल,सीताराम,प्रशांत दुबे,सुरेंद्र चंद्रवंशी,अरविंद,लालशाह गोड़ सहित अन्य लोगो ने भी वज्रपात अलार्म सिस्टम स्थापित करने की मांग की है।