बड़वाह।
ब्राउन शुगर के अवैध कारोबार से जुड़े दो मामलों में लंबे समय से फरार चल रहे 5 हजार रुपये के इनामी आरोपी को आखिरकार बड़वाह पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी इमरान उर्फ काला पिता ईशाक खान निवासी ग्राम तिल्लौर, थाना खुड़ैल, जिला इंदौर को पुलिस ने इंदौर के भंवरकुआ थाना क्षेत्र से पकड़ा। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को बड़वाह लाया गया, जहां वैधानिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा प्रदेशभर में चलाए जा रहे 15 दिवसीय राज्य स्तरीय एंटी नारकोटिक्स विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस महानिरीक्षक इंदौर जोन अनुराग एवं उप पुलिस महानिरीक्षक निमाड़ रेंज खरगोन सिमाला प्रसाद के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक खरगोन रविन्द्र वर्मा के निर्देशन में बड़वाह पुलिस द्वारा फरार आरोपियों की तलाश की जा रही थी।
पुलिस के अनुसार आरोपी इमरान उर्फ काला के विरुद्ध थाना बड़वाह में अपराध क्रमांक 524/2022 एवं 76/2025 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 में दो प्रकरण दर्ज हैं। दोनों ही मामलों में आरोपी फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर 5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
लगातार तलाश और तकनीकी जानकारी के आधार पर पुलिस टीम को आरोपी के इंदौर में होने की जानकारी मिली। इसके बाद टीम ने भंवरकुआ थाना क्षेत्र से उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राजेन्द्र बर्मन के नेतृत्व में सउनि अजेश जायसवाल, प्रधान आरक्षक नितिन बौरसिया, आरक्षक रवि यादव, विनोद गुर्जर, विजय राठौर, शिवलाल आर्य तथा साइबर सेल खरगोन के उपनिरीक्षक पप्पू मौरे, आरक्षक सचिन, मगन, अभिलाष सहित अन्य पुलिसकर्मियों की सराहनीय भूमिका रही।
बड़वाह पुलिस का कहना है कि अवैध मादक पदार्थों की तस्करी एवं कारोबार में संलिप्त अपराधियों के विरुद्ध अभियान के तहत आगे भी लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
खरगोन से शहजाद खान की रिपोर्ट
