ज़िला उन्नाव संवाददाता मो साकिब कि रिपोर्ट
गर्मी बढ़ने से जिला अस्पताल में संक्रामक रोगियों की संख्या भी बढ़ी है। सोमवार को ओपीडी से लेकर डायग्नोस्टिक ब्लॉक तक मरीजाें की कतार लगी रही। पर्चा काउंटर पर 1754 मरीजों ने पंजीकरण कराया और ओपीडी में डॉक्टर को दिखाया।
गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया है। इससे लोग डायरिया, बुखार, पेट दर्द आदि की चपेट में आ रहे हैं। सोमवार को जिला अस्पताल के पर्चा काउंटर पर सुबह से मरीजों की भीड़ रही। पहले पंजीकरण कराने की होड़ में मरीजों और उनके तीमारदारों में धक्कामुक्की भी हुई। इसके बाद ओपीडी में डॉक्टर को दिखाने के लिए मरीजाें को घंटों कतार में लगना पड़ा। सबसे अधिक भीड़ फिजीशियन के कक्ष के बाहर रही। वहीं पैथोलॉजी में सैंपल देने के लिए भी भीड़ रही। सोमवार को 161 मरीजों का सैंपल लिया गया। समय समाप्त होने के बाद स्वास्थ्य कर्मियों ने अन्य मरीजों को अगले दिन आने की बात कही। फिजीशियन डॉ.कौशलेंद्र प्रकाश ने बताया कि गर्मी में शरीर में पानी की कमी होने से लोग बीमार हो रहे हैं। इसलिए पानी पर्याप्त मात्रा में चार से पांच लीटर प्रतिदिन पीते रहें। इसके अलावा ताजे और पानी वाले फल खाएं। बिना डॉक्टर की सलाह के कोई दवा का सेवन न करें।
—
इमरजेंसी वार्ड में 22 भर्ती
उन्नाव। जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में सोमवार को 22 मरीजों को भर्ती किया। जहां सभी का इलाज किया जा रहा है।
सोमवार को इमरजेंसी वार्ड में बुखार, डायरिया और पेट दर्द के 22 गंभीर मरीज पहुंचे। डॉक्टरों ने उनकी जांच की और भर्ती किया। जहां सभी का इलाज किया जा रहा है। वहीं मलेरिया और डेंगू की संभावना पर बुखार मरीजों का सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा गया है।