12 साल के बालक को मुंह में जकड़ लिया मगरमच्छ, कड़ी मशक्कत के बाद चरवाहों ने चंगुल से बचाया
सोनभद्र समाचार ब्यूरोचीफ नन्दगोपाल पाण्डेय
सोनभद्र।जिले के घोरावल कोतवाली क्षेत्र के पेढ़ ग्राम पंचायत के नौगढ़वा बस्ती में शनिवार की सुबह भलुआ बंधी में मौजूद मगरमच्छ ने 12 वर्षीय किशोर को मुंह में जकड़ लिया, जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। उसका बायां पैर और हाथ गंभीर रूप से जख्मी हो गया। घोरावल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उसका इलाज चल रहा है। पैर में 12 से अधिक टांके लगाए गए हैं।
यह है पूरा मामला
पेढ़ ग्राम पंचायत निवासी रमेश (12) पुत्र अजीत शनिवार सुबह ग्राम पंचायत के ही नौगढ़वा बस्ती में भलुआ बंधी के पास मवेशी चरा रहा था। आसपास अन्य चरवाहे भी मवेशी चरा रहे थे। रमेश के कुछ मवेशी पानी पीने के लिए भलुआ बंधी में उतर गए। थोड़ी देर बाद रमेश मवेशियों को पानी में से बाहर निकालने के लिए बंधी में उतर गया।इसी दौरान पीछे से आए एक मगरमच्छ ने उसके बाएं पैर को बुरी तरह अपने मुंह जकड़ लिया और पानी में खींचने लगा। रमेश के चीखने चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास के चरवाहे बंधी में उतरे और मगरमच्छ के चंगुल से उसे छुड़ाने लगे।करीब छह चरवाहों ने लाठी धंधे से पीट-पीटकर मगरमच्छ के चंगुल से बालक को मुक्त कराया। करीब 20 मिनट तक चरवाहे मगरमच्छ से जूझते रहे। घटना की जानकारी होने पर ग्राम प्रधान सुभाष सिंह पटेल मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से जख्मी रमेश को घोरावल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया।उपचार कर रहे डॉक्टर देवेश पांडेय ने बताया की मगरमच्छ के हमले में बालक का बायां पैर और एक हाथ बुरी जख्मी हो गया है। उसे 12 से अधिक टांके लगाए गए हैं। उन्होंने बताया कि बालक को अस्पताल में भर्ती कर उपचार किया जा रहा है और उसकी हालत खतरे से बाहर है।