
जिला एकीकरण समिति के तत्वाधान में कौमी एकता सप्ताह का हुआ समापन:
मेडिकल कॉलेज के ऑडिटोरियम में रंगारंग प्रस्तुतियों के बीच जिले के प्रेरक व्यक्तित्वों को जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. घनश्याम अनुरागी द्वारा जनपद के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ विभूति सम्मान से अलंकृत किया गया.कार्यक्रम का संचालन युद्धवीर कंथरिया ने किया.
डॉ ममता स्वर्णकार के निर्देशन में जालौन के आनंदी बाई हर्शे इंटर कॉलेज के बच्चों की लैंगिक भेदभाव, बाल विवाह की प्रथा से अतीत में बालिकाओं के सपनों की होने वाली भ्रूण हत्या और काव्य सम्पदा में बिखरे बुंदेली लालित्य पर आधारित प्रस्तुतियों ने लोगों को पूरे समय बांधे रखा. शिक्षा पूरी करके कुछ बन कर दिखाने का अरमान पाले बच्ची पर जब उसका पिता कच्ची उम्र में ही विवाह थोपने पर आमादा हो उठता है तो वह बिलखने लगती है. उसका क्रन्दन
इतना सजीव था कि आडीटोरियम में समाज़ के अग्रणी जन तक सुबकने को मजबूर हो गए.नारी के शक्ति रुप में महाकाली की दुष्ट संहारक प्रस्तुति का रोमांच भी बेजोड़ रहा. संध्या भास्कर ने सुभद्रा कुमारी चौहान की झांसी की रानी के शौर्य को बखानती कविता सुनाई जिसे भरपूर सराहना मिली. जिला पंचायत सदस्य रणविजय निषाद द्वारा बुलायी गयी दिवारी टीम के कठिन नृत्य कौशल को लोगों ने अंत तक टकटकी लगा कर देखा. इसके बाद बारी आयी विभिन्न क्षेत्रों में बहुमूल्य योगदान करने में जीवन खपाने वाले लोगों को सम्मान देने की. जिला पंचायत के साथ साथ जिला एकीकरण समिति के पदेन अध्यक्ष डॉ घनश्याम अनुरागी ने मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र कुमार श्रीवास, मुख्य चिकित्साधिकारी राजेंद्र कुमार श्रीवास और मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ एन डी शर्मा के साथ विभूतियों को शाल ओढ़ा कर और मोतियों की माला पहना कर सम्मानित किया.सम्मानित होने वालों में राजनीतिक क्षेत्र से वयोवृद्ध नेता राधेलाल गुप्ता, पत्रकारिता से देवेंद्र शुक्ला, शिक्षा से गिरेंद्र सिंह, खेल से कौशल किशोर गुर्जर,अधिवक्तओं में पूर्व डीजीसी सिविल रमाकांत द्विवेदी, चिकित्सा से मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ एन डी शर्मा, मेडिकल कॉलेज के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ प्रशांत निरंजन,सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामपुरा के अधीक्षक डॉ प्रदीप कुमार नवाजे गए.
कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पूर्व सैनिक कल्याण परिषद के अध्यक्ष अखिलेश नागाइच अपनी पूरी टीम के साथ मौजूद रहे. देश की सीमाओं की रक्षा के लिए बलिदान हद तक उनके समर्पण से अभिभूत जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ घनश्याम अनुरागी ने शहीद अरविन्द सिंह सेंगर की पत्नी राधा देवी और कैप्टन लाल सिंह चौहान व सूबेदार उदयपाल सिंह को सम्मानित कर सैनिकों के प्रति कृतज्ञता जताई.उत्साह वर्धन के लिए कलेक्ट्रेट और सी डी ओ कार्यालय के कर्मठ कर्मचारियों बृजेश निरंजन, सुनील कुमार, गौरव द्विवेदी, दिलीप कुमार, अंजनी श्रीवास्तव, आशीष गौतम व कपिल को भी सम्मानित किया. गो संरक्षण में विशिष्ट योगदान देने वाले उप मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ राजेंद्र कुमार को भी सम्मानित किया गया.
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से शालिग्राम निरंजन, डॉ सी पी गुप्ता, अशोक राठौर, प्रधानाचार्य रमाकान्त द्विवेदी, सुरेन्द्र सिंह, अलीम सर, प्रलुव्य निरंजन, लक्ष्मण दास बबानी, पूजा सेंगर, विटोली देवी निरंजन, शशि सिंह, गरिमा पाठक, मंजू रानी वर्मा, शिक्षा विद् जगत सिंह यादव, डॉ माया सिंह, वीरेंद्र तिवारी, जिला प्रबंधक स्वास्थ्य मिशन प्रेम प्रताप सिंह आदि उपस्थित रहे।
(अनिल कुमार ओझा
ब्यूरो प्रमुख)
उरई -जालौन उ.प्र.