कौशिक नाग-कोलकाता में अवैध निर्माण पूरी तरह से बंद है : फिरहाद कोलकाता नगर निगम ने 1,000 अवैध निर्माणों को नोटिस भी जारी किया, कोलकाताराज्य के शहरी विकास व नगर निकाय मामलों के मंत्री फिरहाद हकीम ने विधानसभा में कहा कि पिछले साल कोलकाता के गार्डेनरीच इलाके में एक अवैध इमारत के ढहने की घटना के बाद महानगर में 500 ऐसे अवैध निर्माण ध्वस्त कर दिये गये हैं और अन्य अनधिकृत परियोजनाओं को पूरी तरह से रोक दिया गया है. कोलकाता के मेयर हकीम ने सदन में कहा कि 1,000 अवैध निर्माणों को नोटिस भी जारी किये गये हैं. मंत्री ने राज्य के अन्य नगर निकायों से भी इसी तरह के कदम उठाने और अपने-अपने अधिकार क्षेत्र में किसी भी अवैध निर्माण को रोकने के लिए कहा. शहरी विकास व नगरपालिका विभाग के बजट अनुदान पर चर्चा का जवाब देते हुए उन्होंने कहा: गार्डेनरीच में अवैध इमारत ढहने के बाद, कोलकाता नगर निगम (केएमसी) ने कई कदम उठाये हैं. हमने 500 अवैध इमारतों को ध्वस्त कर दिया है और 1,000 अन्य अनधिकृत निर्माणों को नोटिस भेजे हैं. उन्होंने कहा कि हम कह सकते हैं कि कोलकाता में अवैध निर्माण 100 प्रतिशत बंद कर दिये गये हैं. मंत्री ने सदन को आश्वस्त किया कि भविष्य में कोलकाता में अब कोई भी अवैध निर्माण नहीं होगा. हकीम ने कहा कि हमने राज्य की सभी नगर पालिकाओं और नगर निगमों से भी इसी तरह के कदम उठाने को कहा है. पिछले साल मार्च में गार्डेनरीच इलाके में एक अवैध रूप से निर्मित इमारत के ढह जाने से 12 लोगों की मौत हो गयी थी.