कौशिक नाग -कोलकाता दुष्कर्म के दोषियों को कड़ी सजा मिले, यह जल्द सुनिश्चित हो कोलकाता कसबा में लॉ कॉलेज की एक छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम देने वाले अपराधियों को सख्त से सख्त सजा मिले, यह जल्द सुनिश्चित होना जरूरी है. उपरोक्त बातें तृणमूल कांग्रेस के प्रदेश महासचिव व प्रवक्ता कुणाल घोष ने कही. शुक्रवार को पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कसबा में हुई घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि “एक महिला पर जघन्य अत्याचार करने वाला शख्स कौन है, किस पार्टी से उसका ताल्लुक है, इससे कोई फर्क नहीं पड़ता. असली बात यह है कि ऐसे शख्स को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए. मैं पुलिस से घटना में शामिल लोगों को सख्त से सख्त सजा मिले, इसकी व्यवस्था करने का अनुरोध करता हूं.” घटना को लेकर भाजपा व माकपा नेताओं द्वारा तृणमूल सरकार की आलोचना किये जाने पर घोष ने भी पलटवार किया और कहा कि “भाजपा नेताओं को पहले उनकी पार्टी के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह के बारे में बोलना चाहिए, जिन पर महिला पहलवानों ने यौन उत्पीड़न करने का आरोप लगाया था. माकपा नेताओं को भी यह याद करने की जरूरत है कि उनके शासनकाल के दौरान राज्य में तापसी मल्लिक की कैसे निर्मम हत्या कर दी गयी थी.
महिलाओं पर होने वाले आपराधिक घटनाओं पर राजनीति नहीं करके, ऐसी घटनाएं नहीं हों, इसके लिए कदम उठाने पर ध्यान देने की जरूरत है.”