दुद्धी सोनभद्र। वाराणसी में अधिवक्ताओं और पुलिस के बीच हुए विवाद तथा 17 सितम्बर 2025 को अधिवक्ताओं पर हुए बर्बर लाठीचार्ज के विरोध में दुद्धी बार एसोसिएशन एवं सिविल बार एसोसिएशन ने एक स्वर में वाराणसी बार एसोसिएशन का समर्थन किया है।
दुद्धी के अधिवक्ताओं ने कहा कि वाराणसी में अधिवक्ताओं पर किए गए फर्जी मुकदमे और अमानवीय व्यवहार की कार्यकारिणी घोर निंदा करती है। एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने स्पष्ट कहा है कि इस संघर्ष में दुद्धी के अधिवक्ता पूर्ण सहयोग करेंगे और वाराणसी बार एसोसिएशन द्वारा लिए जाने वाले निर्णय में उनके साथ खड़े रहेंगे।
दुद्धी बार एसोसिएशन तथा सिविल बार एसोसिएशन दुद्धी के अध्यक्ष एवं सचिव ने संयुक्त रूप से पत्र जारी कर कहा कि अधिवक्ताओं के सम्मान और न्याय की सुरक्षा के लिए हर संभव कदम उठाने में उनकी भागीदारी होगी।
अधिवक्ताओं ने प्रशासन पर आरोप लगाया है कि फर्जी मुकदमे दर्ज कर आंदोलन की आवाज दबाने की कोशिश की जा रही है, लेकिन इस दमनकारी रवैये को किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा।
सोनभद्र, तहसील रिपोर्टर दुद्धी, विवेक सिंह