सहसवान। डेढ़ माह पहले घर से दिल्ली जाने को कहकर निकले गांव भीकमपुर निवासी कैंटर चालक आकिल न तो दिल्ली पहुंचे और न ही घर लौटे। तब से परिवार के लोग उनकी तलाश कर रहे थे। बृहस्पतिवार की दोपहर उनका शव गांव के बाहर ईख के खेत में क्षतविक्षत हालत में पड़ा मिला। परिजनों ने कपड़ों आदि से उनकी पहचान की। इसके बाद परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव भीकमपुर निवासी आकिल (25) पुत्र मुन्ने खान दिल्ली में रहकर कैंटर चलाते थे। वह मोहर्रम पर घर आए थे। त्योहार के बाद वह दिल्ली जाने की बात कहकर घर से निकले थे। वह न तो दिल्ली पहुंचे और न ही घर लौटे। परिवार के लोगों ने उनकी हर जगह तलाश की, लेकिन उनका कहीं सुराग नहीं लग सका।15 सितंबर को परिजनों की तहरीर पर दो लोगों के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया गया। बृहस्पतिवार की दोपहर के बाद गांव के लोगों ने ईख के खेत में क्षतविक्षत शव पड़ा देखा तो गांव में खबर आग की तरह फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। उसके भाई आदिल ने कपड़ों आदि से उसकी पहचान आकिल के रूप में की। इसके बाद परिवार में कोहराम मच गया। कोतवाल राजेंद्र बहादुर सिंह का कहना है कि जांच की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट व तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। दोषियों को किसी कीमत पर छोड़ा नहीं जाएगा। जल्द ही आरोपियों को जेल भेज दिया जाएगा।
दो लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया
इस मामले में पुलिस ने दो लोगों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। गांव के ही इस्तकार पुत्र मुख्तार व साबेश पुत्र शाहिद को हिरासत में ले लिया है। पुलिस इनसे पूछताछ कर रही है। युवक के गायब होने के बाद परिजनों ने इन पर हत्या का शक जताया था।
इंडियन टीवी न्यूज
जिला बदायूं रिपोर्टर
दीपेंद्र राजपूत