दुद्धी सोनभद्र।कस्बे की मुख्य सड़क किनारे अतिक्रमण से दुद्धी नगर में जाम की समस्या जस की तस बनी हुई है। नगर पंचायत प्रशासन द्वारा कुछ दिन पहले नाम मात्र का अतिक्रमण हटाया गया था, लेकिन पखवाड़े भर बाद ही पटरीयों पर ठेला-गुमटी, लकड़ी के टटर और दुकानों का अवैध कब्जा फिर से बढ़ गया है। इसके चलते नगर में आवागमन बाधित है और दुर्घटनाओं की आशंका बनी हुई है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि इसी मार्ग से रोजाना हजारों भारी वाहन राखड़, गिट्टी, बालू और अन्य सामग्री लेकर गुजरते हैं। कई बार पहले भी नगर के तिराहों पर भारी वाहनों की चपेट में आकर लोगों की मौत हो चुकी है। बावजूद इसके सड़क किनारे कब्जाधारियों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
मुख्य सड़क के अलावा शहर के संपर्क मार्गों पर भी अतिक्रमण ने हालात बिगाड़ रखे हैं। मछली गली जाने वाला मार्ग, मुख्य सड़क से मलदेवा मार्ग, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जाने वाला मार्ग, म्योरपुर तिराहे से कृषि विभाग कार्यालय तक, बस स्टैंड से अमवार मोड़ तक और अमवार मोड़ से स्वीपर बस्ती तक सभी स्थानों पर सड़क की पटरियां अतिक्रमण की चपेट में हैं।
स्थानीय नागरिकों ने नगर पंचायत और तहसील प्रशासन से मांग की है कि जनहित में तुरंत अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया जाए ताकि नगर का यातायात सुचारू और सुरक्षित बन सके।
सोनभद्र, तहसील रिपोर्टर दुद्धी, विवेक सिंह