फतेहगंज पश्चिमी, बरेली। नगर पंचायत द्वारा कराए जा रहे सड़क निर्माण कार्य में ठेकेदारों की मनमानी उस वक्त भारी पड़ गई, जब बीच सड़क पर ही अचानक डिवाइडर खड़ा कर दिया गया। मोहल्ला नई बस्ती कुम्हार चौक के लोगों ने इसे अपनी रोजमर्रा की जिंदगी में बड़ी बाधा बताते हुए जोरदार विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते मामला गरमा गया और मौके पर हंगामे की स्थिति बन गई।
स्थानीय लोगों का आरोप था कि बिना किसी पूर्व सूचना और योजना के बीच सड़क डिवाइडर बना दिया गया, जिससे आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो रहा था। इतना ही नहीं, क्षेत्र में हर साल होने वाले जन्माष्टमी के मटकी फोड़ कार्यक्रम और उर्स जैसे महत्वपूर्ण धार्मिक आयोजनों पर भी संकट खड़ा हो गया था। लोगों ने साफ कहा कि यदि डिवाइडर नहीं हटाया गया तो उनकी परंपराएं बाधित हो जाएंगी।
हंगामे की सूचना मिलते ही भाजपा जिला मंत्री संजय चौहान मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने स्थानीय निवासियों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और ठेकेदारों को फटकार लगाते हुए तुरंत डिवाइडर हटाने के निर्देश दिए। उनके सख्त रुख के बाद मौके पर ही डिवाइडर हटाने का काम शुरू कर दिया गया।
इस दौरान दोनों समुदायों के लोग बड़ी संख्या में मौजूद रहे, लेकिन संजय चौहान ने समझदारी दिखाते हुए सभी को शांत कराया और माहौल को बिगड़ने से बचा लिया। उनकी पहल से बड़ा विवाद टल गया और लोगों ने राहत की सांस ली।
वहीं, स्थानीय नागरिकों ने नगर पंचायत की अतिक्रमण हटाओ मुहिम को लेकर भी चिंता जताई। इस पर संजय चौहान ने अधिशासी अधिकारी पुष्पेंद्र राठौर से बातचीत कर संतुलित और जनहित में निर्णय लेने का भरोसा दिलाया।
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में इस बात की चर्चा है कि यदि समय रहते लोगों ने आवाज न उठाई होती, तो एक गलत निर्णय के कारण रोजाना हजारों लोगों को परेशानी झेलनी पड़ती। फिलहाल, जनता की एकजुटता और जनप्रतिनिधि की सक्रियता से समस्या का समाधान हो गया, लेकिन इस घटना ने नगर पंचायत की कार्यशैली पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
प्रवन पाण्डेय ITN National जिला संवाददाता बरेली