राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी। शहर के खिरहनी फाटक क्षेत्र में मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक ब्यूटी पार्लर में अचानक आग लग गई। हालांकि नगर निगम के फायर अमले की त्वरित कार्रवाई से आग पर समय रहते काबू पा लिया गया, जिससे एक बड़ी दुर्घटना टल गई।
घटना राजीव गांधी वार्ड अंतर्गत खिरहनी फाटक ब्रिज के पास, पंजाब बैंक के सामने स्थित एक भवन की ऊपरी मंजिल की है, जहां संचालित ब्यूटी पार्लर में सुबह करीब 9:40 बजे आग भड़क उठी। सूचना मिलते ही पुलिस कंट्रोल रूम ने फायर ब्रिगेड को अलर्ट किया।
दुर्गा चौक खिरहनी, बस स्टैंड जोन और सिविल लाइन जोन से तीन दमकल वाहन तत्काल मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। गर्मी के चलते आग तेजी से फैलने लगी और पार्लर में मौजूद ज्वलनशील सामग्री ने स्थिति को और गंभीर बना दिया।
करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद फायर कर्मियों ने आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया। समय पर की गई कार्रवाई के चलते नीचे संचालित मेडिकल स्टोर और आसपास के दुकानों व रिहायशी इलाकों को सुरक्षित बचा लिया गया।
प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।
फायर विभाग की अपील
प्रभारी फायर निरीक्षक शैलेंद्र दुबे ने बताया कि संबंधित प्रतिष्ठान में फायर सेफ्टी उपकरणों की कमी के कारण शुरुआती स्तर पर आग पर काबू पाना मुश्किल हुआ। उन्होंने नागरिकों और व्यापारियों से अपील की है कि वे फायर सेफ्टी मानकों का पालन करें, बिजली उपकरणों का सावधानी से उपयोग करें और ज्वलनशील सामग्री को सुरक्षित तरीके से रखें। किसी भी आपात स्थिति में तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दें।