शहजाद आलम, जिला संवाददाता सिद्धार्थनगर
सिद्धार्थनगर।
जिले का नगर पंचायत डुमरियागंज इन दिनों भीषण जाम की समस्या से कराह रहा है। हालत यह है कि दिन हो या रात, मुख्य मार्गों पर वाहनों की लंबी कतारें आम बात बन चुकी हैं। मंगलवार की रात राप्ती नदी पुल पर लगे भारी जाम ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दीं। घंटों तक वाहन रेंगते रहे, जिससे यात्रियों, व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
बताया जा रहा है कि राप्ती नदी पुल पर देर रात अचानक वाहनों का दबाव बढ़ने से दोनों तरफ लंबा जाम लग गया। ट्रक, बस, चारपहिया और बाइक सवार घंटों तक फंसे रहे। कई एंबुलेंस और जरूरी कार्य से जा रहे लोगों को भी जाम के कारण काफी दिक्कत हुई। उमस भरी गर्मी और रात के समय जाम में फंसे लोगों का हाल बेहाल नजर आया।
नगर पंचायत क्षेत्र में बढ़ती आबादी और वाहनों की संख्या के मुकाबले सड़कें संकरी पड़ती जा रही हैं। इसके अलावा सड़क किनारे अतिक्रमण, अवैध पार्किंग और ट्रैफिक व्यवस्था की कमी भी जाम की बड़ी वजह मानी जा रही है। बाजार क्षेत्र में शाम होते ही स्थिति और विकराल हो जाती है, जहां पैदल चलना तक मुश्किल हो जाता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि डुमरियागंज नगर में आए दिन लगने वाले जाम से व्यापार और दैनिक जीवन दोनों प्रभावित हो रहे हैं। स्कूल जाने वाले बच्चों, मरीजों और नौकरीपेशा लोगों को समय पर अपने गंतव्य तक पहुंचने में भारी दिक्कत होती है। लोगों ने प्रशासन से स्थायी समाधान की मांग की है।
इस मामले में डुमरियागंज के उपजिलाधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि नगर में जाम की समस्या को गंभीरता से लिया गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम लगातार निगरानी कर रही है। राप्ती पुल और बाजार क्षेत्र में ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। अतिक्रमण हटाने और अवैध पार्किंग पर कार्रवाई की जाएगी ताकि आम लोगों को राहत मिल सके।
प्रशासन के दावों के बावजूद नगरवासियों को अब स्थायी समाधान का इंतजार है। यदि जल्द प्रभावी व्यवस्था नहीं की गई तो आने वाले दिनों में यह समस्या और गंभीर रूप ले सकती है।