फतेहगंज पश्चिमी।
मंगलवार को आए चक्रवाती आंधी-तूफान ने पूरे इलाके की बिजली व्यवस्था को तहस-नहस कर दिया। तेज हवाओं और बारिश के चलते स्थानीय विद्युत सब स्टेशन को आने वाली 33 केवी लाइन कई स्थानों पर टूटकर गिर गई, जिससे तीन नगर पंचायतों समेत करीब 400 गांवों की बिजली पूरी तरह ठप हो गई। शाम ढलते ही कस्बों और गांवों में अंधेरा छा गया, जबकि उमस और गर्मी से लोगों की परेशानी और बढ़ गई।
तूफान का असर इतना तेज था कि सब स्टेशन से मीरगंज, फतेहगंज पश्चिमी और शाही नगर पंचायतों के साथ सैकड़ों गांवों को जाने वाली विद्युत लाइनें भी क्षतिग्रस्त हो गईं। कई जगह बिजली के खंभे झुक गए और तार टूटकर नीचे गिर पड़े, जिससे पूरे क्षेत्र में बिजली संकट गहरा गया।
जेई रमेश गौतम ने बताया कि तूफान रुकते ही विद्युत विभाग की टीमें मरम्मत कार्य में जुट गईं। सबसे पहले 33 केवी लाइन को दुरुस्त करने का काम किया जा रहा है, ताकि सब स्टेशन की सप्लाई बहाल हो सके। उन्होंने बताया कि लाइन ठीक करने में देर शाम तक का समय लग सकता है। इसके बाद नगर पंचायतों और गांवों की फीडर लाइनें चालू कराने का कार्य किया जाएगा।
बिजली गुल होने से घरों में पेयजल संकट भी खड़ा हो गया है। इनवर्टर जवाब दे चुके हैं और मोबाइल नेटवर्क तक प्रभावित होने लगे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि रात तक बिजली बहाल नहीं हुई तो लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा। वहीं विद्युत विभाग ने दावा किया है कि पूरी रात टीमों को लगाकर जल्द से जल्द सप्लाई बहाल करने का प्रयास किया जाएगा।
प्रवन पाण्डेय इंडियन टीवी न्यूज़ जिला संवाददाता बरेली