राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी।
शहर में पड़ रही भीषण गर्मी के बीच नगर निगम के बाल गंगाधर तिलक वार्ड क्रमांक 1 स्थित इंदिरा नगर की गली नंबर 1, 2 और 3 में गहरा जल संकट उत्पन्न हो गया है। हालात इतने खराब हैं कि लोग एक-एक बूंद पानी के लिए परेशान नजर आ रहे हैं। क्षेत्रवासियों का कहना है कि गली नंबर 1 का बोर फेल हो जाने के कारण नियमित जल सप्लाई पूरी तरह बाधित हो चुकी है, जिससे हजारों लोगों के सामने पेयजल का संकट खड़ा हो गया है।
स्थानीय नागरिकों के अनुसार वर्तमान में केवल एक पानी का टैंकर भेजा जा रहा है, जो लगभग दो से ढाई हजार की आबादी के लिए नाकाफी साबित हो रहा है। टैंकर पहुंचते ही पानी भरने के लिए लोगों की लंबी कतारें लग जाती हैं और कई बार विवाद एवं मारामारी जैसी स्थिति भी निर्मित हो जाती है। महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को सबसे ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
वार्ड की पार्षद श्रीमती वंदना राजकिशोर यादव ने नगर निगम प्रशासन और जल विभाग से तत्काल व्यवस्था सुधारने की मांग की है। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी में नागरिकों को कम से कम पीने का पानी उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। पार्षद ने मांग करते हुए कहा कि क्षेत्र में पानी के टैंकरों की संख्या एक से बढ़ाकर कम से कम दो या तीन की जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।
क्षेत्रवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं किया गया तो वे नगर निगम कार्यालय पहुंचकर विरोध प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे। नागरिकों का कहना है कि गर्मी लगातार बढ़ रही है और ऐसे में जल संकट लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी पर भारी पड़ रहा है।