किशोर कुमार छत्तीसगढ़ स्टेट रिपोर्टर इंडियन टीवी न्यूज नेशनल
दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में ग्राम तूमाकला के उपसरपंच प्रकाश सिंह कश्यप की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। वारदात रविवार देर रात करगीडीह से चिखली चौक के बीच हुई, जब वे अपने एक साथी के साथ भिलाई से गांव लौट रहे थे। प्रारंभिक जांच में मामला लूट का विरोध करने पर हत्या का बताया जा रहा है। घटना जेवरा-सिरसा थाना क्षेत्र की है।
सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी के अनुसार, रास्ते में एक बाइक पर सवार चार अज्ञात बदमाशों ने प्रकाश सिंह कश्यप और उनके साथी को रोक लिया। आरोपियों ने पहले उनका मोबाइल फोन और नकदी लूटने का प्रयास किया। विरोध करने पर बदमाशों ने प्रकाश सिंह कश्यप पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
वारदात के दौरान उनके साथ मौजूद व्यक्ति किसी तरह जान बचाकर वहां से भाग निकला और पुलिस को घटना की सूचना दी। आरोपी मृतक का मोबाइल फोन और करीब 4 हजार रुपये नकद लूटकर मौके से फरार हो गए।
सूचना मिलते ही जेवरा-सिरसा थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतक प्रकाश सिंह कश्यप धमधा ब्लॉक के ग्राम तूमाकला के उपसरपंच थे। उनकी पत्नी देवती बाई कश्यप वर्तमान में गांव की सरपंच हैं। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है।
पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में मामला लूट के दौरान हत्या का प्रतीत हो रहा है। आरोपियों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित कर संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।