किशोर कुमार छत्तीसगढ़ स्टेट रिपोर्टर इंडियन टीवी न्यूज नेशनल
रायपुर। छत्तीसगढ़ की बेटी और राजनांदगांव की होनहार भारोत्तोलक ज्ञानेश्वरी यादव ने राष्ट्रमंडल खेल 2026 की महिलाओं की 53 किलोग्राम भारोत्तोलन स्पर्धा में रजत पदक जीतकर प्रदेश और देश का नाम रोशन किया है। अपने पहले ही कॉमनवेल्थ गेम्स में शानदार प्रदर्शन करने वाली ज्ञानेश्वरी का मुख्यमंत्री निवास में भव्य स्वागत किया गया।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने ज्ञानेश्वरी यादव और उनके परिवार से मुलाकात कर उन्हें इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए बधाई दी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने ज्ञानेश्वरी को 30 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि देने तथा आउट ऑफ टर्न डीएसपी पद पर पदोन्नति की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ज्ञानेश्वरी की सफलता केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ और देश के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि कठिन परिश्रम, अनुशासन और समर्पण से हासिल की गई यह उपलब्धि प्रदेश के युवाओं, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणा बनेगी।
राजनांदगांव की रहने वाली ज्ञानेश्वरी यादव ने पहली बार राष्ट्रमंडल खेलों में हिस्सा लेते हुए शानदार प्रदर्शन किया और महिलाओं की 53 किलोग्राम भारोत्तोलन स्पर्धा में रजत पदक अपने नाम किया। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उनकी इस उपलब्धि ने छत्तीसगढ़ की खेल प्रतिभाओं को नई पहचान दिलाई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय प्रशिक्षण, बेहतर खेल सुविधाएं और हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित करने के साथ-साथ उनके भविष्य को सुरक्षित बनाने के लिए भी सरकार प्रतिबद्ध है।
उन्होंने विश्वास जताया कि ज्ञानेश्वरी यादव आने वाले वर्षों में भी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत और छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करेंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार खेल संस्कृति को मजबूत करने और खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर कार्य करती रहेगी।