बालोद में कल ‘युवा उड़ान 2026’, विकसित भारत और छत्तीसगढ़ में युवाओं की भूमिका पर होगा मंथन
बालोद, छत्तीसगढ़, 27 सितंबर 2026: विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में युवाओं की सक्रिय भूमिका और सहभागिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सेवा संकल्प अभियान के तहत सोमवार, 28 सितंबर को बालोद में विशेष परिचर्चा कार्यक्रम ‘युवा उड़ान 2026’ का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम टाउन हॉल में दोपहर 12 बजे से शुरू होगा।
छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग और जिला प्रशासन बालोद के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस परिचर्चा में युवाओं की भागीदारी, उनके विचारों और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में उनकी भूमिका पर चर्चा की जाएगी।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर मुख्य अतिथि और कांकेर लोकसभा क्षेत्र के सांसद भोजराज नाग विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इसके अलावा विधायक अनिला भेंडिया, संगीता सिन्हा, कुंवर सिंह निषाद, राज्य लघु वनोपज संघ के उपाध्यक्ष यज्ञदत्त शर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष तारिणी पुष्पेन्द्र चंद्राकर, जिला पंचायत उपाध्यक्ष तोमन साहू, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष प्रतिभा चौधरी, पूर्व सदस्य राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग यशवंत जैन, वरिष्ठ नागरिक चेमन देशमुख सहित जनप्रतिनिधि और विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित रहेंगे।
आयोजकों और जिला प्रशासन ने क्षेत्र के युवाओं एवं नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में टाउन हॉल पहुंचकर परिचर्चा में सहभागिता करने की अपील की है। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में अपनी भूमिका के लिए विचार-विमर्श और सहभागिता का मंच उपलब्ध कराना है।
