इटवा, सिद्धार्थनगर।
बूढ़ी राप्ती नदी के बढ़ते जलस्तर के चलते इटवा ब्लॉक की ग्राम सभा चेचराफ बुजुर्ग में बाढ़ की स्थिति गंभीर होती जा रही है। नदी के उफान से गांव के रास्तों और सड़कों पर पानी भर गया है, जिससे ग्रामीणों का आवागमन प्रभावित हो गया है। ग्रामीणों के मुताबिक जलस्तर अभी भी बढ़ रहा है और बाढ़ का खतरा लगातार बना हुआ है।
ग्रामीणों का कहना है कि इमलिया से मुंहचुरवा घाट तक बांध का निर्माण पूरा नहीं होने के कारण बाढ़ का पानी गांव और आसपास के क्षेत्रों में पहुंच जाता है। इससे हर वर्ष हजारों बीघा फसल प्रभावित होती है तथा कई घरों में भी पानी घुसने की स्थिति बन जाती है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि बांध की मरम्मत के नाम पर कई बार खानापूर्ति की जाती है। उनका कहना है कि जेसीबी से थोड़ी-बहुत मिट्टी डालकर या घास-फूस की सफाई कराकर काम पूरा दिखा दिया जाता है, जबकि स्थायी समाधान की दिशा में कोई ठोस कार्य नहीं होता।
ग्रामीणों की मांग है कि इमलिया से मुंहचुरवा घाट तक बांध का निर्माण/सुदृढ़ीकरण जल्द से जल्द कराया जाए, ताकि गांव को हर वर्ष आने वाली बाढ़ की समस्या से राहत मिल सके और किसानों की फसल एवं ग्रामीणों के घर सुरक्षित रह सकें।
ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए स्थायी समाधान कराने की मांग की है।
ब्यूरो चीफ — अभय नन्दन
कठेला, सिद्धार्थनगर