*पौधारोपण की देखभाल समाज की जिम्मेदारी*
*आंगनवाड़ी में बच्चों को मिले स्वच्छता के संस्कार*
राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल ने ग्रामीणों से किया संवाद
गांव में ही ग्रामीण के घर पर किया भोजन
राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल ने कहा है कि पौधारोपण की देखभाल समाज की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा है कि कोरोना महामारी के संकट ने हमें बताया है कि ऑक्सीजन हमारे जीवन के लिए कितनी जरुरी है। पेड़ होंगे तो ऑक्सीजन होगी। राज्यपाल श्री पटेल आज जिले के ग्राम पिपरियाकलाँ के विकास कार्यों का अवलोकन कर, ग्रामीणों के साथ संवाद कर रहे थे। श्री पटेल ने ग्राम प्रवास के दौरान शासकीय माध्यमिक शाला पिपरियाकलाँ में आयोजित कार्यक्रम में हितग्राहियों को हितलाभ का वितरण किया। गांव में ही आदिवासी श्रीमती ताराबाई कासदे के निवास पर भोजन किया। विधायक सिवनीमालवा श्री प्रेम शंकर वर्मा ने भी उनके साथ भोजन किया। राज्यपाल श्री पटेल ने परिवारजनों के भोजन की सराहना करते हुए उपहार स्वरूप भी फल भेंट किये।
राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल ने कहा है कि वनवासी भाईयों को वन अधिकार के पट्टे दे कर सरकार ने जल, जंगल, जमीन पर उनके अधिकार का संरक्षण किया है। आदिवासी भाईयों की आत्मनिर्भरता के लिए राज्य सरकार प्रभावी कार्य कर रही है। प्रदेश के 17 लाख से अधिक तेन्दूपत्ता संकलन करने वाले परिवारों को करीब 11 सौ 80 करोड़ से अधिक रुपये की मजदूरी और बोनस देना और वनोपजों की न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदी की व्यवस्था सरकार की प्रतिबद्धता को बताते है। उन्होंने पिपरियाकलाँ के ग्रामीणों के स्नेह के प्रति आभार ज्ञापित करते हुए कहा कि हमारे देश की आत्मा गांवों में बसती है। देश के विकास में गाँवों की बहुत महती भूमिका है। सरकार लगातार गांवों की उन्नति के प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं से लाभान्वित हुए हितग्राही अन्य पात्र लोगों को भी प्रेरित करें। राज्यपाल श्री पटेल ने कहा कि बच्चों की शिक्षा, बड़े बुजुर्गों की देखभाल जरुरतमंदों की मदद के लिए सरकार बहुत सारी योजनाएं चला रही है। इनका लाभ पात्र लोगों को दिलाने के कामों में युवा वर्ग आगे आएं। सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास ही उन्नति का मंत्र है।
राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल ने कहा कि योग शरीर को स्वस्थ रखने का सबसे अच्छा सरल तरीका है। मैं चाहूँगा कि गांव के बच्चों को आँगनवाड़ी और स्कूलों में योग का अभ्यास और व्यक्तिगत स्वच्छता के कार्य नियमित रूप से कराए जायें। सरकार द्वारा लागूं की गई योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों और पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाना प्रत्येक व्यक्ति का कर्तव्य है। सरकार द्वारा लगातार गांवों की उन्नति के प्रयास किए जा रहे हैं। यह पूरी तरह सफल होंगे, जब समाज उसमें आगे बढ़कर सहयोग करें। उन्होंने ग्राम पिपरियाकलाँ में विकास कार्यों का अवलोकन किया। उन्होंने मनरेगा के तहत 5 लाख 69 हजार रुपए की लागत से बनाएं गए तालाब का अवलोकन किया। हितग्राही कृषक बलदेव सिंह एवं सुमेर सिंह कासदे से रूबरू चर्चा भी की। राज्यपाल ने कृषकों को बताया कि तालाब उनके खेतों में सिंचाई के लिए बहुत उपयोगी साबित हुआ है। तालाब से 12 हितग्राही लाभान्वित हो रहे हैं। श्री पटेल ने प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राही जयराम शेर सिंह और सुखराम शेरसिंह के मकानों का भी अवलोकन किया। उनके साथ चर्चा की।
राज्यपाल ने बुजुर्गो का किया सम्मान और बच्चों को दिए उपहार
राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल ने गांव में बुजुर्गों को शाल प्रदान कर सम्मानित किया। ग्राम के जिन बुजुर्गों का सम्मान किया गया उनमें श्रीमती सुमित्रा बाई, श्री मनीराम, श्री तोगा एवं श्री सुखदेव शामिल थे। राज्यपाल ने गांव के 12 स्कूली छात्र-छात्राओं को भी स्कूल बैग प्रदान किए गए। उल्लेखनीय है कि राज्यपाल श्री पटेल भोपाल से अपने साथ स्कूल बैग और शाल लेकर आए थे।
कल्याणकारी योजनाओं के दिए स्वीकृति पत्र
राज्यपाल श्री पटेल ने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत गठित स्व सहायता समूहों की महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से ग्राम के 4 महिला समूहों शुभम स्व सहायता समूह और लक्ष्मी स्व सहायता समूह को 75-75 हजार, जीवन ज्योति स्व सहायता समूह को 11 हजार रूपए, तथा गंगा स्व सहायता समूह को 12 हजार रुपए की राशि के स्वीकृति पत्र भेंट किए। उन्होंने लाड़ली लक्ष्मी योजनांतर्गत कु. वंशिका बरखने, कु ज्योति कमलेश एवं प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत आकांक्ष दामडे, गीता बरखने, वर्षा तिवारी, श्रीमती सोमती कासदे को हितलाभ के स्वीकृति पत्र प्रदान किए।
राज्यपाल के ग्राम भ्रमण के दौरान कलेक्टर श्री धनंजय सिंह, पुलिस अधीक्षक श्री संतोष सिंह गौर, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री मनोज सरियाम अन्य अधिकारी और जनप्रतिनिधि गण भी उपस्थित थे।
*होशंगाबाद इंडियन tv न्यूज़ चैनल से ब्यूरो चीफ वीरेन्द्र सिंह चौहान*