गागलहेड़ी पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़
हत्या व अन्य संगीन मामलों में वांछित दो इनामी गिरफ्तार
सहारनपुर । थाना गागलहेड़ी पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान हत्या व अन्य गंभीर अपराधों में वांछित दो 50-50 हजार रुपये के इनामी बदमाशों को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। मुठभेड़ के दौरान दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, 07/08 जुलाई की रात थाना प्रभारी गागलहेड़ी अपनी टीम के साथ गश्त पर थे। इसी दौरान हरौड़ा कट हाईवे से यमुनानगर की ओर करीब एक किलोमीटर आगे दो संदिग्ध व्यक्ति खड़े दिखाई दिए। पुलिस को देखकर दोनों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी और जंगल की ओर भागने लगे। जवाबी फायरिंग में दोनों बदमाशों को गोली लगी और पुलिस ने उन्हें मौके से दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रमोद उर्फ रामकरण पुत्र तरसेन और सोमवीर उर्फ मोनू पुत्र रणधीर, दोनों निवासी ग्राम व थाना राजौन्द, जिला कैथल (हरियाणा) के रूप में हुई है। दोनों के पास से दो तमंचे 315 बोर, 5 जिंदा और 7 खोखा कारतूस बरामद किए गए हैं।
गिरफ्तार अभियुक्त हत्या, मुठभेड़, और आर्म्स एक्ट सहित कई गंभीर धाराओं में थाना गागलहेड़ी पर दर्ज मुकदमों में वांछित चल रहे थे। इनके खिलाफ बीएनएस की धारा 191(2)/191(3)/109/103(1)/332(सी)/61, धारा 109(1)/317(5) और आर्म्स एक्ट की धारा 3/25/27 के तहत केस दर्ज हैं।
रिपोर्टर रमेश सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़