✍राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
ग्राम भैंसवाही में बिना अनुमति कर रहे थे धरना प्रदर्शन, पुलिस से भी की अभद्रता
7 लोगों के खिलाफ विजयराघवगढ़ पुलिस ने की कार्यवाही, न्यायालय में किया पेश
कटनी। जिले के विजयराघवगढ़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम भैंसवाही में गत बुधवार को सारा दिन हंगामें की स्थिति बनी रही। दरअसल यहां पर स्कूल के सामने सड़क पर पानी होने की बात को लेकर गांव के ही कुछ युवा स्कूली बच्चों को सामने रखकर चक्का जाम करते हुए नारेबाजी कर रहे थे। बुधवार की सुबह 10 बजे से दो स्थानों पर रास्ता जाम करने के बाद शुरू किया गया प्रदर्शन दोपहर 1 तक चलता रहा। प्रदर्शन की सूचना मिलने के बाद पहले तो पुलिस प्रदर्शन कर रहे युवाओं को समझा बुझाकर हटाने का प्रयास करती रही। पुलिस ने यहां तक कहा जो भी समस्या है उसे तत्काल निराकृत कराया जाएगा, लेकिन युवा जिद पर अड़े रहे। काफी मान मनऊअल के बाद भी जब प्रदर्शन कर रहे युवा रास्ता खोलने को तैयार नहीं हो रहे थे, तब जाकर स्थानीय लोगों को हो रही आवागमन में सुविधा को देखते हुए विजयराघवगढ़ पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए उपद्र मचा रहे पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया। बाद में पांचो उपद्रवियों के खिलाफ वैधानिक कार्यवाही करते हुए उन्हें जेल भेज दिया गया।
इस लिए था हंगामा
स्थानीय सूत्रों के मुताबिक ग्राम भैंसवाही स्थित शासकीय स्कूल के सामने से होकर गुजरने वाली पक्की सड़क में बरसात के समय पानी भरा रहता है। इस बात को लेकर कुछ स्थानीय युवाओं ने स्कूली बच्चों को साथ लेकर स्कूल के सामने से होकर जाने वाले रास्ते को दो जगह से झाड़ियां, लकड़ी और रस्सी लगाकर पूरी तरह बंद कर दिया। रास्ता बंद किए जाने के कारण इस मार्ग से होकर गुजरने वाली महिलाओं, बच्चों एवं बीमार लोगों सहित अन्य ग्रामीणों को भारी समस्या का सामना करना पड़ा।
खुद भरा पानी
इस मामले को लेकर एक कहानी यह भी सामने आई है कि बीते कुछ दिनों से तेज बरसात नहीं हुई है। दो दिन पूर्व मोटर लगाकर इन्हीं में से कुछ युवाओं ने सड़क पर पानी भर दिया और बुधवार को स्कूली बच्चों को उकसाते हुए उन्हें साथ लेकर प्रदर्शन की आड़ में उपद्रव मचाना शुरू कर दिया। कई घंटे तक रास्ता बंद रहने के कारण वहां पहुंची विजयराघवगढ़ पुलिस ने जब उन्हें समझा बुझाकर किसी तरह मामले को शांत कराने का प्रयास किया और जब प्रदर्शन कर रहे युवा रास्ता खोलने को तैयार नहीं हुए और बेवजह की जिद लेकर बैठे रहे तो पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए आधा दर्जन से अधिक युवाओं को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने जब सख्त रुख अपनाया तो उपद्र मचा रहे युवाओं के होश ठिकाने लग गए और वे प्रदर्शन छोड़ वहां से भाग खड़े हुए।
इनपर हुई कार्रवाई
सरकारी स्कूल के सामने आम रस्ते में कांटे बिछाकर आवागमन बंद करने के मामले में विजयराघवगढ़ पुलिस ने ग्राम भैंसवाही निवासी 35 वर्षीय दिलीप कुमार पाण्डेय उर्फ राजा पाण्डेय पिता राजकुमार पाण्डेय,
21 वर्षीय मनमोहन चक्रवर्ती पिता सोहनलाल चक्रवर्ती, 25 वर्षीय तालिम बर्मन उर्फ मिथुन पिता राजेश बर्मन, 19 वर्षीय पवन कुमार बर्मन पिता अशोक बर्मन, 18 वर्षीय संदीप कुशवाहा पिता बलीराम कुशवाहा, 19 वर्षीय अमित साहू पिता राजकुमार साहू एवं 19 वर्षीय राजन साहू पिता रामकृपाल साहू के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें जेल भेज दिया है।
इनका कहना है
इस संबंध में बातचीत करते हुए विजय राघवगढ़ थाना प्रभारी रितेश शर्मा ने कहा कि स्कूल के सामने पानी भरा होने की बात को लेकर कुछ युवा स्कूली बच्चों के साथ दो तरफ से रास्ता बंद करके प्रदर्शन कर रहे थे। पुलिस ने उन्हें काफी समझाया भी, यहां तक यह भी कहा गया कि जो भी समस्या है उसे दूर करने के लिए तत्काल फीलिंग का कार्य पुलिस खुद करवा देगी। मगर युवा उपद्र मचाते रहे और अव्यवस्था उत्पन्न करते रहे। लोगों को हो रही परेशानियों को देखते हुए सात लोगों के खिलाफ धारा 155 के तहत कार्यवाही की गई है।