सहारनपुर में ट्रेन हादसों में दो की मौत, शिनाख्त नहीं: एक ने कूदकर सुसाइड किया, दूसरा ट्रेन से गिरा, पुलिस जुटा रही जानकारी..
सहारनपुर के थाना कुतुबशेर क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर हुए ट्रेन हादसों में दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। दोनों मामलों में मृतकों की अब तक शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और शिनाख्त के प्रयास जारी हैं पहला हादसा गांव चक आदमपुर के पास रेलवे ट्रैक पर हुआ, जहां एक युवक का शव पटरियों पर पड़ा मिला। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया मृतक की उम्र करीब 35 साल बताई जा रही है। प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि युवक ट्रेन से गिरा और उसकी चपेट में आकर मौत हो गई। मौके पर मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस आत्महत्या या हादसे दोनों पहलुओं पर जांच कर रही है दूसरी घटना दबनीवाला कब्रिस्तान के सामने रेलवे ट्रैक पर हुई, जहां एक अधेड़ व्यक्ति की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मृतक ने सामने से आ रही ट्रेन के आगे कूदकर जान दी है मृतक की उम्र करीब 50 साल करीब है। पुलिस इस मामले को आत्महत्या मानकर भी जांच कर रही है, हालांकि इसकी पुष्टि पोस्टमॉर्टम और आगे की जांच के बाद ही हो सकेगी इंस्पेक्टर एचएन सिंह ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया गया है। मृतकों की पहचान कराने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। पुलिस आसपास के थानों और गुमशुदगी रजिस्टरों की भी जांच कर रही है।
रमेश सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़