✍राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी पुलिस ने ऑटो में गांजा तस्करी का भंडाफोड़ किया, दो गिरफ्तार
कटनी।पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कटनी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के मार्गदर्शन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संतोष डेहरिया और डीएसपी उमराव सिंह के नेतृत्व में सक्रिय मुखबिर तंत्र के आधार पर यह कार्रवाई की गई।
घटना के संदर्भ में बताया गया
31 जुलाई 2025 को थाना प्रभारी केके पटेल और उनकी टीम द्वारा क्षेत्र में गश्त के दौरान ग्राम जगतपुर, उमरिया मदारी टोला के पास कृषि मंडी के निकट एक संदिग्ध ऑटो (क्रमांक एमपी 54 आर 0795) को अंधेरे में छिपा हुआ पाया गया। ऑटो में दो व्यक्ति, आशिक कोल (19 वर्ष) और राजाराम पटेल (29 वर्ष), दोनों निवासी दड़ौरी, थाना बरही, जिला कटनी, मौजूद थे। पूछताछ के दौरान दोनों भागने का प्रयास करने लगे। ऑटो की तलाशी में एक सफेद प्लास्टिक की बोरी में 5 किलो 200 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत 3 लाख रुपये है।
जानकारी अनुसार गवाहों की मौजूदगी में पंचनामा कार्यवाही पूरी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मामला दर्ज किया गया। ऑटो सहित जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 3 लाख रुपये आंकी गई है। दोनों आरोपियों को उसी दिन माननीय न्यायालय कटनी में पेश किया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी केके पटेल, उपनिरीक्षक प्रदीप जाटव, सहायक उपनिरीक्षक रघुवीर सिंह, प्रधान आरक्षक बीरेन्द्र कुमार चढ़ार, आरक्षक गौरीशंकर राजपूत, रवि कोरी, बृजलाल प्रजापति और शिवप्रकाश तिवारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
कटनी पुलिस का यह अभियान अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
:हरिशंकर पाराशर: