ठूठीबारी क्षेत्र में दो बाइकों की टक्कर, तीन गंभीर रूप से घायल
निचलौल, महराजगंज। 27 अगस्त 2025
ठूठीबारी कोतवाली क्षेत्र के लक्ष्मीपुर खुर्द एसएसबी सड़क मार्ग पर बुधवार को तेज रफ्तार दो बाइकों की आमने-सामने की टक्कर में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों बाइकें तेज गति से चल रही थीं और अचानक आमने-सामने आ गईं, जिससे यह हादसा हुआ।
घायलों की पहचान दिनेश पासवान (निवासी बुची, थाना धकधई), मजरूद्दीन (पुत्र कलामुद्दीन), और मसौवर (पुत्र दलदल, निवासी लक्ष्मीपुर खुर्द) के रूप में हुई है। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
लक्ष्मीपुर चौकी इंचार्ज नवनीत नागर और ठूठीबारी कोतवाली प्रभारी महेंद्र मिश्रा मौके पर पहुंचे और सभी घायलों को एम्बुलेंस से निचलौल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। पुलिस ने दोनों बाइकों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल घायलों का इलाज जारी है।
रवि प्रताप सिंह (ब्यूरो चीफ महराजगंज)