करोड़ों की ज़मीन धोखाधड़ी में बड़ा खुलासा, 17 आरोपी नामजद
धार्मिक संस्था की ज़मीन पर फर्जीवाड़ा, बेची करोड़ों में
सहारनपुर । गाँव मढ़ स्थित करोड़ों रुपये की ज़मीन को फर्जीवाड़े से बेचने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। अदालत के आदेश पर थाना सदर बाज़ार पुलिस ने नवीन मित्तल, उसके पिता हरी प्रकाश मित्तल सहित कुल 17 लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
पीड़िता हिमा गिल ने आरोप लगाया है कि धार्मिक संस्था से जुड़ी भूमि को फर्जी दस्तावेज़ तैयार कर और षड्यंत्र रचकर करोड़ों रुपये में बेचा गया। विरोध करने पर उसे जान से मारने की धमकियाँ दी गईं और झूठे मुकदमों में फँसाने की कोशिश भी की गई।
हिमा गिल के अनुसार, उसकी दादी प्रीतम कौर की गाँव मढ़ में ज़मीन थी। प्रीतम कौर और उनके पुत्र जसबीर सिंह के निधन के बाद, जसबीर की पहली पत्नी अनिता पांडे ने खुद को विधवा दर्शाकर नाम राजस्व अभिलेखों में दर्ज करा लिया। आरोप है कि उसने परिवार के सदस्य को मानसिक रूप से अस्वस्थ बनाकर संयुक्त बैंक खाता खुलवाया और करोड़ों की संपत्ति बेच दी।
17 नामजद आरोपी
अदालत के आदेश पर पुलिस ने अनिता पांडे (देहरादून), नवीन मित्तल व हरी प्रकाश मित्तल (सहारनपुर), भानू (दिल्ली), आबिद अहमद, जियाउल्ला खान, शाजिया खान, उजमा खान, शोएब, फैजान, राशिद, अदनान, सुलेमान, तरुणा, शुऐब खान, हुमैरा व गौरव कम्बोह के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
*पहले भी विवादों में रहे मित्तल पिता-पुत्र*
नवीन मित्तल और हरी प्रकाश मित्तल का नाम पहले भी कई ज़मीनी विवादों में सामने आ चुका है। देहरादून में एक मामले में जेल भी जा चुके हैं। थाना कोतवाली देहात क्षेत्र में भी इन पर धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज है।
पीड़िता की सुरक्षा पर सवाल
हिमा गिल का कहना है कि आरोपी लगातार उसे धमका रहे हैं और अब एक संगठित गिरोह सक्रिय है, जो फर्जी दस्तावेज़ बनाने व दबाव बनाने में जुटा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मामला बेहद गंभीर है और इसमें बड़े स्तर पर जाँच की आवश्यकता है। पुलिस ने अदालत के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। सूत्रों के अनुसार, आरोपियों के नेटवर्क में कई प्रभावशाली लोग भी शामिल हैं, जिन पर निगरानी रखी जा रही है।
रमेश सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़