दुद्धी (सोनभद्र)। कस्बा दुद्धी में गुरुवार की दोपहर दीर्घायु अस्पताल प्राइवेट लिमिटेड का विधिवत उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर नगर व आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
अस्पताल में विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएँ उपलब्ध रहेंगी। इनमें न्यूरो सर्जन डॉ. रविश सिंहा (एम.सी.एच.), वरिष्ठ फिजीशियन डॉ. शिव कुमार बिंद (एम.डी.), डॉ. ऋषिकेश यादव (एम.डी.) तथा आयुर्वेद विशेषज्ञ डॉ. सचिन कुमार तिवारी (बी.ए.एम.एस.) शामिल हैं।
अस्पताल के निदेशक सचिन तिवारी ने जानकारी दी कि मरीजों के इलाज हेतु अस्पताल में अत्याधुनिक सुविधाएँ स्थापित की गई हैं। इनमें होने वाले दुर्घटना में तुरंत फर्स्ट एड की व्यवस्था, आईसीयू, 24 घंटे वेंटिलेटर सपोर्ट, बीआईपीएपी, ईसीजी, ओपीडी सेवाएँ, 24×7 फार्मेसी और पैथोलॉजी लैब सम्मिलित हैं।
हॉस्पिटल का उद्घाटन अनुसूचित जनजाति आयोग के उपाध्यक्ष जीत सिंह खरवार ने फीता काटकर किया। उन्होंने कहा कि “दीर्घायु अस्पताल के शुरू होने से क्षेत्रीय जनता को अब स्थानीय स्तर पर ही बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएँ उपलब्ध होंगी। ग्रामीण और कस्बाई क्षेत्र के मरीजों को गंभीर स्थिति में बड़े शहरों तक ले जाने की आवश्यकता कम हो जाएगी। अस्पताल दुद्धी और आसपास की जनता के लिए स्वास्थ्य सुरक्षा का मजबूत आधार साबित होगा।
स्थानीय लोगों ने अस्पताल के खुलने पर प्रसन्नता जताई और कहा कि अब गंभीर मरीजों को बड़े शहर ले जाने की आवश्यकता कम होगी। कस्बा एवं आसपास के अंचल के मरीजों को समय पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएँ मिल सकेंगी। इस मौके मौके पर नगरपंचायत अध्यक्ष कमलेश मोहन, डॉ लवकुश प्रजापति, श्रवण सिंह गोंड, रामेश्वर प्रसाद राय, भाजपा मंडल अध्यक्ष दीपक शाह, पूर्व मंडल अध्यक्ष मनोज सिंह उर्फ बबलू, राजन चौधरी, सुरेंद्र अग्रहरि, मनीष जायसवाल, प्रमोद कुमार, दिलीप पांडे सहित काफी संख्या में लोग मौजूद रहे।
सोनभद्र, तहसील रिपोर्टर दुद्धी, विवेक सिंह