एक बदमाश घायल, दो गिरफ्तार, चोरी की तीन बाइक और तमंचा बरामद
सहारनपुर । थाना कुतुबशेर पुलिस और अन्तर्राज्यीय वाहन चोर गिरोह के बीच मंगलवार देर रात हुई मुठभेड़ में पुलिस ने दो अपराधियों को गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश के पैर में गोली लगी। पुलिस ने मौके से तीन चोरी की मोटरसाइकिलें, एक तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं । गिरफ्तार बदमाशों पर सहारनपुर और हरिद्वार में दर्जनभर मुकदमे दर्ज हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर के निर्देश पर जिले में लगातार सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत मंगलवार देर रात थाना कुतुबशेर पुलिस मानकमऊ से नकुड़ मार्ग पर गश्त कर रही थी। तभी ऊनाली गाँव के पास खण्डहर में मोटरसाइकिल स्टार्ट होने की आवाज सुनाई दी। पुलिस ने जब टॉर्च की रोशनी से चेक किया तो वहां मौजूद एक बदमाश ने पुलिस पर फायर झोंक दिया।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश मनोज पुत्र विजयपाल निवासी हल्लू माजरा, थाना भगवानपुर, हरिद्वार, के पैर में गोली लगी और उसे घायलावस्था में दबोच लिया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से दो चोरी की अपाचे मोटरसाइकिलें और एक तमंचा .315 बोर, खोखा और कारतूस बरामद हुए।
पकड़े गए बदमाश ने बताया कि बाइक बेचने के लिए वह लुकमान नाम के शख्स से मिलने आया था। पुलिस ने मौके पर मौजूद लुकमान पुत्र ईरफान निवासी चाँदपुर, थाना गागलहेड़ी को भी गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से एक स्पलेण्डर प्लस बाइक बरामद हुई।
पुलिस की जांच में सामने आया कि गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ सहारनपुर और हरिद्वार में चोरी, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस जैसे मामलों में करीब एक दर्जन मुकदमे पहले से दर्ज हैं। घायल बदमाश मनोज को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है
रमेश सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़