थाना बेहट पुलिस और बदमाशों में मुठभेड़
एक गोकश घायलअवस्था में गिरफ्तार, हथियार और बाइक बरामद
सहारनपुर । अपराधियों के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत थाना बेहट पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसका एक साथी अंधेरे और घने जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गया।
पुलिस के मुताबिक 24 सितम्बर को थाना बेहट पुलिस टीम मंडोरा तिराहे पर संदिग्ध वाहन और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पिठौरी मंडोरा की ओर से एक मोटरसाइकिल पर दो संदिग्ध आते दिखाई दिए। रुकने का इशारा करने पर उन्होंने पुलिस पर फायरिंग कर दी और भागने लगे।
पुलिस ने पीछा किया तो बदमाशों की मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर गिर गई। इसके बाद बदमाशों ने दोबारा पुलिस पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लगी और वह घायलावस्था में दबोच लिया गया।
घायल बदमाश की पहचान परवेज उर्फ बिल्ला पुत्र भूरा निवासी पाज रायपुर, थाना बेहट के रूप में हुई है। उसके कब्जे से एक तमंचा .315 बोर, दो खोखे, दो जिंदा कारतूस, गोकशी के उपकरण और एक मोटरसाइकिल बरामद हुई है।
पुलिस ने बताया कि परवेज उर्फ बिल्ला पर गोकशी और गैंगस्टर एक्ट सहित आधा दर्जन से अधिक मुकदमें पहले से दर्ज हैं। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फरार बदमाश की तलाश के लिए लगातार कांबिंग अभियान चलाया जा रहा है।
रमेश सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़