दुद्धी सोनभद्र। हाथीनाला थाना क्षेत्र के खोखा तिराहा के पास 24 सितंबर की सुबह करीब 9 बजे 25 वर्षीय एक अज्ञात महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त के प्रयास किए और मामले की सूचना आसपास के थानों के साथ ही ग्रामीण जनपदों तक पहुंचाई गई।
72 घंटे तक गहन प्रयास किए जाने के बावजूद शव की पहचान नहीं हो सकी। पुलिस ने गुमशुदगी की रिपोर्टों से भी जानकारी मिलाने का प्रयास किया और आमजन से अपील करते हुए सीयूजी नंबर 9454404291 एवं 7905030094 पर संपर्क करने को कहा था। शव को शिनाख्त हेतु 72 घंटे तक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी के पोस्टमार्टम हाउस में सुरक्षित रखा गया था। लेकिन जब पहचान नहीं हो पाई तो शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद पुलिस की मौजूदगी में अपराह्न बाद कनहर नदी संगम तट पर महिला के शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
इस संबंध में पुलिस ने बताया कि अभी तक मृतका की पहचान उजागर न हो पाना एक चुनौती बनी हुई है। मृतका की पहचान और मौत के कारणों की जांच में पुलिस टीम लगी हुई है।
सोनभद्र, तहसील रिपोर्टर दुद्धी, विवेक सिंह