महराजगंज 30 सितम्बर 2025: महराजगंज जिलाधिकारी श्री संतोष कुमार शर्मा ने बीती रात जिला संयुक्त अस्पताल का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की हकीकत परखी। उन्होंने इमरजेंसी वार्ड, महिला एवं प्रसूति वार्ड, दवा वितरण कक्ष सहित विभिन्न विभागों का निरीक्षण किया और भर्ती मरीजों से बातचीत कर चिकित्सा सुविधाओं, सफाई, भोजन व दवाओं की स्थिति की जानकारी ली।
इमरजेंसी वार्ड में डॉ. सर्वेश प्रताप सिंह से मरीजों की स्थिति पूछी गई। डॉक्टर ने बताया कि सभी मरीज ठीक हैं, एक महिला का इलाज जारी है, जिसकी स्थिति नियंत्रण में है। जिलाधिकारी ने आवश्यकतानुसार महिला को गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर करने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
फार्मेसी में दवाओं के स्टॉक और वितरण रजिस्टर की जांच कर फार्मासिस्ट जे.एल. पांडेय से दवाओं की उपलब्धता की जानकारी ली। साथ ही, दवाओं की समय से मांग भेजने का निर्देश दिया। अस्पताल परिसर की सफाई व्यवस्था असंतोषजनक मिलने पर नाराजगी जताई और तत्काल सुधार के निर्देश दिए।
निरीक्षण में एसपी सोमेंद्र मीना, सीएमएस डॉ. ए.के. द्विवेदी व अन्य अधिकारी मौजूद रहे। जिलाधिकारी ने कहा कि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवा देना प्रशासन की प्राथमिकता है, लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।
छोटेलाल पाण्डेय जिला रिपोर्टर इंडियन टीबी न्यूज चैनल यूपी महराजगंज