सहारनपुर से इस वक्त की बड़ी खबर
पोस्टर विवाद पर बरेली में तनाव, सहारनपुर में सियासी सरगर्मी तेज़
सहारनपुर में सांसद इमरान मसूद और एमएलसी शाहनवाज खान हाउस अरेस्ट
सहारनपुर । बरेली पोस्टर विवाद का असर अब यहां की सियासत पर भी साफ दिखने लगा है। कांग्रेस सांसद इमरान मसूद और समाजवादी पार्टी के एमएलसी शाहनवाज खान को मंगलवार देर रात पुलिस ने हाउस अरेस्ट कर लिया।
बुधवार को दोनों नेताओं का बरेली जाने का कार्यक्रम तय था, लेकिन एलआईयू की रिपोर्ट के बाद प्रशासन ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए यह कदम उठाया। देर शाम से ही दोनों नेताओं के आवासों पर भारी पुलिस बल की तैनाती कर दी गई थी। मकानों के बाहर बैरिकेडिंग की गई है, हर आने-जाने वाले पर नज़र रखी जा रही है और बिना अनुमति किसी भी बाहरी व्यक्ति को प्रवेश नहीं दिया जा रहा।
दरअसल, बरेली में ‘आई लव मोहम्मद’ पोस्टर विवाद को लेकर पहले से ही तनाव का माहौल बना हुआ है। प्रशासन का कहना है कि ऐसे संवेदनशील समय में नेताओं का वहां पहुंचना स्थिति को और गंभीर बना सकता था। यही वजह रही कि सुरक्षा के मद्देनज़र दोनों नेताओं को उनके आवासों में ही नज़रबंद कर दिया गया। फैसले के बाद सहारनपुर की राजनीति में हलचल मच गई है। समर्थकों में नाराज़गी देखी जा रही है। उनका आरोप है कि यह लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन है। वहीं पुलिस प्रशासन का कहना है कि शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी हाल में हालात बिगड़ने नहीं दिए जाएंगे।
इधर, सांसद इमरान मसूद ने सरकार पर तानाशाही रवैया अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, क्या अब मोहम्मद का नाम लेना गुनाह हो गया? क्या ‘आई लव मोहम्मद’ कहने पर जेल भेजा जाएगा? इमरान मसूद ने बीजेपी सरकार के नारे ‘सबका साथ, सबका विकास’ पर भी सवाल खड़े किए और इसे खोखला व कागजी करार दिया।
वहीं एमएलसी शाहनवाज खान के समर्थकों का भी कहना है कि प्रशासन विपक्ष की आवाज़ को दबा रहा है और नेताओं की गतिविधियों पर कड़ी नज़र रखी जा रही है।
रमेश सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़