उगते सूर्य को दिया ‘उषा अर्घ्य, श्रद्धा और आस्था में डूबा सहारनपुर
वरिष्ठ पत्रकार मुकेश गिरी ने परिवार संग पारंपरिक विधि से अर्पित किया अर्घ्य
सहारनपुर। छठ महापर्व का समापन मंगलवार सुबह उगते सूर्य को ‘उषा अर्घ्य’ अर्पित करने के साथ भक्ति, अनुशासन और अपार आस्था के माहौल में हुआ। सहारनपुर में मानकमऊ घाट, दीवानी घाट, मिर्जापुर घाट, सरसावा तथा ग्रामीण क्षेत्रों के दर्जनों घाटों पर तड़के से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। महिलाएँ पूरी रात जागरण कर सूर्यदेव के स्वागत की तैयारियों में जुटी रहीं और जैसे ही पूर्व दिशा में अरुणोदय हुआ, वैसे ही घाटों पर ‘जय छठी मइया’ के जयकारे गूंज उठे।
छठ व्रती महिलाओं ने जल में खड़े होकर भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित किया और परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की दीर्घायु तथा समाज के कल्याण की कामना की। घाटों पर पूजा-अर्चना के दौरान भक्तिमय वातावरण देखने को मिला। बच्चों, बुजुर्गों और युवाओं में भी उत्साह देखते ही बनता था।
वरिष्ठ पत्रकार मुकेश गिरी ने अपने परिवार के साथ पारंपरिक विधि-विधान से ‘उषा अर्घ्य’ अर्पित किया। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व भारतीय संस्कृति में प्रकृति और मनुष्य के अद्भुत संबंध का प्रतीक है। यह पर्व न केवल सूर्यदेव की उपासना का अवसर है, बल्कि शुद्धता, अनुशासन और समर्पण की मिसाल भी है।
प्रशासन की ओर से घाटों पर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के व्यापक इंतज़ाम किए गए थे। पुलिस और नगर निगम टीम ने लगातार निगरानी रखी, जिससे किसी प्रकार की अव्यवस्था नहीं हुई। पूरे जिले में छठ महापर्व शांतिपूर्ण और श्रद्धा से संपन्न हुआ।
रमेश सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़