तीन माह से लापता नाबालिग यूपी में मिली: अलीगढ़ के युवक समेत 4 गिरफ्तार
रतलाम के कालूखेड़ा थाना क्षेत्र से गायब नाबालिग लड़की को रतलाम पुलिस यूपी के अलीगढ़ से लाई है। बताया कि लड़की को तीन महीने पहले गांव का एक युवक बहला फुसलाकर ले गया था। यहां तक आरोपी ने उसके आधार कार्ड से छेड़छाड़ लड़की को बालिग बता दिया था।
पुलिस ने आरोपी का सहयोग करने वाले गांव के दो व यूपी के अलीगढ़ के एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। चारों पर रेप, किडनैपिंग, पॉक्सो एक्ट समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है।
फरियादी ने 31 जुलाई को थाना कालूखेड़ा पर रिपोर्ट दर्ज कराई थी। बताया था कि उसकी नाबालिग बेटी को कोई अज्ञात व्यक्ति बहला-फुसलाकर भगा ले गया है। फरियादी ने क्षेत्र के मोहनलाल प्रजापत पर संदेह जताया था।
इसी आधार पर पुलिस ने धारा 137 (2) बीएनएस के तहत केस दर्ज कर बालिका की तलाश में जुटी थी।
एसपी ने बनाई तीन टीमें एसपी अमित कुमार ने एएसपी (ग्रामीण) विवेक कुमार लाल एवं जावरा सीएसपी युवराजसिंह चौहान के मार्गदर्शन में तीन विशेष टीम बनाईं। गठित टीमों द्वारा तकनीकी विश्लेषण, मुखबिर सूचना एवं
सतत प्रयासों से बालिका को 30 अक्टूबर को यूपी के अलीगढ़ से आरोपी मोहनलाल प्रजापत निवासी लसुड़िया नाथी थाना कालूखेड़ा के पास से बरामद कर लिया है। बालिका के तीन माह तक नहीं मिलने पर करणी सेना परिवार ने भी पुलिस प्रशासन को चेतावनी थी। 31 अक्टूबर को करणी सेना परिवार का बालिका को तलाश नहीं करने समेत अन्य मांगों को लेकर आंदोलन होने वाला था। लेकिन इसके पहले पुलिस ने बालिका को खोज लिया।
पुलिस ने बालिका की तलाश के लिए आरोपी मोहनलाल प्रजापत के खिलाफ पूर्व में 10 हजार रुपए का इनाम भी घोषित किया था।
आधार कार्ड में तीन साल कम की उम्र आरोपी मोहनलाल ने बालिका के आधार कार्ड में भी छेड़छाड़ की। बालिका का जन्म सन 2009 है। जिसे तीन साल कम कर 2006 करा दिया। यहां तक उससे शादी भी कर ली थी। पुलिस ने जांच के दौरान फर्जी आयु-संबंधी डॉक्यूमेंट के उपयोग तथा अन्य साक्ष्यों के आधार पर धारा 318(4), 338, 336(3) बीएनएस. तथा बालिका के बयानों के आधार पर धारा 64(2) (एम), 65(1), 61, 96 बीएनएस एवं धारा 5 (एल)/6 पॉक्सो अधिनियम में केस दर्ज किया। साथ देने वाले भी गिरफ्तार
बालिका के बहला फुसला कर ले जाने के मामले में आरोपी मोहनलाल प्रजापत का गांव के अलावा पास के एक अन्य युवक ने सहयोग किया था। इसके अलावा यूपी के अलीगढ़ में भी सहयोग करने वाले के खिलाफ केस दर्ज कर गिरफ्तार किया है।
इन्हें किया अरेस्ट
मुख्य आरोपी मोहनलाल (24) पिता कैलाश प्रजापत निवासी लसुड़िया नाथी, थाना कालुखेड़ा।
जितेंद्र (18) पिता मोतीलाल प्रजापत निवासी लसुड़िया नाथी, थाना कालुखेड़ा।
साहिल मोहम्मद (24) पिता हुसैन मोहम्मद निवासी चिकलाना, थाना कालुखेड़ा।
ऋषि (19) पिता मनवीरसिंह जाट निवासी पूर्णा, थाना इगलास, जिला अलीगढ़ (यूपी)।