राजगढ़ ब्यूरो चीफ संतोष गोस्वामी
दूध का दूध पानी का पानी अभियान अंतर्गत 15 सैंपल्स में पानी की मिलावट तथा 4 सैंपल्स असामान्य पाए गए
राजगढ़, 15 नवम्बर, 2025
भोपाल दुग्ध संघ (सांची) द्वारा राजगढ़ जिले की भंवर कॉलोनी में दूध का दूध पानी का पानी अभियान आयोजित किया गया। इस अभियान में उपभोक्ताओं द्वारा घर में उपयोग किया जा रहे दूध, दही, घी एवं पनीर की जांच निःशुल्क की जाती है तथा इन उत्पादों की गुणवत्ता के परिणाम तत्काल उपभोक्ताओं को बताए जाते हैं। जांच के दौरान कुल 38 उपभोक्ताओं एवं खुले दूध के विक्रेताओं से सैंपल्स लिए गए। इसमें दूध के 35 तथा दही, घी और पनीर के एक-एक सैंपल थे। दूध के कुल 35 सैंपल्स में से 15 सैंपल्स में पानी की मिलावट पाई गई तथा 4 सैंपल्स असामान्य पाए गए।
अभियान के दौरान भोपाल दुग्ध संघ की ओर से प्रभारी ग्रामीण विपणन सुश्री निधि सिंह राजपूत, खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री एस.एस. खत्री, श्री पी.एस. ठाकुर एवं अन्य अमला उपस्थित रहा। खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री खत्री द्वारा खुले दूध के विक्रेताओं को अनिवार्यत: खाद्य पंजीयन कराने हेतु निर्देशित किया। इसके अलावा समस्त उपभोक्ताओं को जागरुक करते हुए उन्हें यह बताया गया कि केवल और केवल पाश्चुराइज्ड दूध का ही सेवन करें। बिना पाश्चुरीकृत दूध सेहत के लिए हानिकारक है। साथ ही सांची के लोकप्रिय उत्पाद जैसे नमकीन मठा, मीठा दही और पनीर का वितरण भी उपभोक्ताओं को किया गया। असामान्य पाए जाने वाले सैंपल्स के संबंध में पुष्टि के लिए इनसे संबंधित निजी डेयरियों से खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री खत्री द्वारा दूध एवं घी के सैंपल्स लिए गए।