मुरैना। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र से एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां 12वीं बोर्ड परीक्षा में असफल होने से आहत एक छात्र ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली।
मृतक की पहचान ऋतिक उर्फ बेटू डंडोतिया पुत्र शैलेन्द्र डंडोतिया, निवासी महावीर पुरा, मुरैना के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि वह कक्षा 12वीं में गणित का छात्र था और बुधवार सुबह करीब 11 बजे जैसे ही परीक्षा परिणाम घोषित हुआ, वह घर से स्कूटी लेकर माता बसैया के दर्शन करने की बात कहकर निकला था।
इसके बाद छात्र कोतवाल डैम के पास पहुंचा, जहां उसने देशी कट्टे से अपने सिर में गोली मार ली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल के मोरचुरी हाउस में रखवाया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
रोहित पाण्डेय इंडियन टीवी न्यूज़ डबरा