दुद्धी सोनभद्र।(विवेक सिंह)
बभनी थाना क्षेत्र के घघरा ग्राम पंचायत के चकेलवा टोला में शुक्रवार सुबह एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या से सनसनी फैल गई। 22 वर्षीय रेखा का शव घर से लगभग 200 मीटर दूर एक पेड़ से रस्सी के सहारे लटका मिला। मृतका के पिता ने बेटी के प्रेमी पर हत्या का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है।
जानकारी के मुताबिक, रेखा की शादी 25 अप्रैल को छत्तीसगढ़ के रामानुजगंज निवासी एक युवक से हुई थी। परिजनों ने बताया कि शादी के चार दिन बाद 29 अप्रैल को वे रेखा और उसके पति को ससुराल से गांव लेकर आए थे। गुरुवार रात परिवार के लोग एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे और करीब एक बजे घर लौटे थे। इसके बाद सभी सो गए। सुबह लगभग 4 बजे रेखा शौच के लिए घर से निकली, लेकिन सुबह 6 बजे तक वापस नहीं लौटी। तलाश करने पर उसका शव पेड़ से लटका मिला।
मृतका के पिता राकेश कुमार ने आरोप लगाया कि शादी से पहले रेखा का एक युवक से प्रेम प्रसंग था। उन्होंने बताया कि आरोपी युवक ने रात में बेटी के साथ मारपीट की, उसका जबड़ा तोड़ दिया और चाकू से हमला करने के बाद शव को पेड़ से लटका दिया। परिजनों का कहना है कि घटना से पहले भी आरोपी ने रेखा के साथ मारपीट की थी।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि हर पहलू से जांच की जा रही है और संबंधित लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।