राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी। आमजन की शिकायतों के त्वरित निराकरण को लेकर हर मंगलवार आयोजित होने वाली जनसुनवाई के तहत आज पुलिस कंट्रोल रूम, कटनी में जनसुनवाई का आयोजन किया गया।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने बड़ी संख्या में पहुंचे नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके त्वरित समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
जनसुनवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष डेहरिया, डीएसपी हेडक्वार्टर रत्नेश मिश्रा, एसडीओपी स्लीमनाबाद आकांक्षा चतुर्वेदी एवं एसडीओपी विजयराघवगढ़ वीरेंद्र धार्वे सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। सभी अधिकारियों ने आवेदकों की समस्याओं को प्राथमिकता के साथ लेते हुए संबंधित थाना प्रभारियों को त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में मुख्य रूप से पारिवारिक विवाद, आपसी झगड़े, लेन-देन से जुड़े मामले, पुलिस द्वारा सुनवाई न होने की शिकायतें, भूमि एवं प्लॉट से संबंधित धोखाधड़ी, महिला अपराध और अन्य पुलिस संबंधी शिकायतें सामने आईं। वहीं, साइबर अपराध से जुड़े मामलों में फरियादियों को जागरूक करते हुए शासन की गाइडलाइन का पालन करने की सलाह दी गई और आवश्यक कार्रवाई के लिए साइबर सेल को निर्देशित किया गया।
कुछ शिकायतें अन्य विभागों से संबंधित पाए जाने पर आवेदकों को संबंधित विभाग से संपर्क करने की समझाइश भी दी गई।
पुलिस अधीक्षक श्री विश्वकर्मा ने आश्वस्त किया कि कटनी पुलिस आमजन की सुरक्षा और समस्याओं के निराकरण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा हर शिकायत पर निष्पक्ष और समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
जनसुनवाई के दौरान सभी अधिकारियों ने पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में प्रत्येक आवेदन को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की।