राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी। शहर को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने के साथ-साथ बाजार क्षेत्रों में आमजन के लिए सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से नगर निगम प्रशासन अब पूरी तरह एक्टिव मोड में नजर आ रहा है। इसी कड़ी में निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने शुक्रवार देर शाम शहर के प्रमुख बाजार क्षेत्रों का पैदल निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की जमीनी हकीकत परखी।
निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त कमानिया गेट गली से सब्जी मंडी मार्ग, टिकियामल चौराहा, सिल्वर टॉकीज रोड होते हुए सुभाष चौक तक पहुंचीं और पूरे मार्ग में स्वच्छता, यातायात व्यवस्था एवं अतिक्रमण की स्थिति का बारीकी से अवलोकन किया। मौके पर मौजूद अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
निगमायुक्त ने दुकानदारों और व्यापारियों से सीधा संवाद करते हुए स्पष्ट किया कि प्रत्येक दुकान में डस्टबिन रखना अनिवार्य है और दुकान के आसपास नियमित सफाई बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। साथ ही उन्होंने व्यवसायियों को दुकान का सामान निर्धारित सीमा के भीतर रखने की सख्त हिदायत दी, ताकि राहगीरों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
निरीक्षण के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाते पाए जाने पर निगमायुक्त ने सख्ती दिखाते हुए 5 दुकानदारों पर स्पॉट फाइन की कार्रवाई की। इस दौरान कुल 1300 रुपये का जुर्माना वसूला गया, जिससे साफ संदेश गया कि नियमों का उल्लंघन अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
निगमायुक्त तपस्या परिहार ने स्पष्ट किया कि स्वच्छता नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए आगे भी इसी तरह लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि स्वच्छ और व्यवस्थित बाजार न केवल शहर की सुंदरता बढ़ाते हैं, बल्कि नागरिकों को सुरक्षित और बेहतर वातावरण भी प्रदान करते हैं।
नगर निगम का यह अभियान “स्वच्छ बाजार, सुगम बाजार” की अवधारणा को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। निगम प्रशासन ने आमजन और व्यापारियों से सहयोग की अपील करते हुए शहर को स्वच्छ, व्यवस्थित और सुगम बनाने में सहभागी बनने का संदेश दिया है।