राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी। जिले के समग्र विकास को गति देने के उद्देश्य से आयोजित जिला विकास सलाहकार समिति की बैठक में परिवहन एवं स्कूल शिक्षा मंत्री तथा कटनी जिले के प्रभारी मंत्री उदय प्रताप सिंह ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
बैठक में मंत्री सिंह ने स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों में तेजी लाने के लिए विभिन्न विभागों के बीच बेहतर तालमेल बेहद आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सुनिश्चित करें और कार्यों की नियमित समीक्षा कर प्रगति में आने वाली बाधाओं को दूर करें।
मंत्री ने कहा कि जिले के विकास के लिए सभी जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को मिलकर काम करना होगा, तभी योजनाओं का प्रभाव ज़मीनी स्तर पर दिखाई देगा। उन्होंने अधोसंरचना, शिक्षा, परिवहन और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कार्यों में गुणवत्ता और समयसीमा का विशेष ध्यान रखने पर जोर दिया।
बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों द्वारा चल रहे विकास कार्यों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की गई, जिस पर मंत्री ने आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने लंबित कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश देते हुए कहा कि आमजन की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी एवं संबंधित विभागों के कर्मचारी उपस्थित रहे।