राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी।
नगर पालिक निगम कटनी में जनगणना 2027 के प्रथम चरण अंतर्गत हाउस लिस्टिंग एवं मकान सूचीकरण कार्य को निर्धारित समय-सीमा से पूर्व पूर्ण करने वाले प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। निगम की प्रमुख जनगणना अधिकारी एवं निगमायुक्त तपस्या परिहार ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को पुष्पगुच्छ एवं पेन भेंट कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर निगमायुक्त ने कहा कि सीमित समय में शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करना संबंधित प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों की कार्यकुशलता, अनुशासन और समर्पण का परिचायक है। उन्होंने कहा कि जनगणना केवल आंकड़ों का संग्रह नहीं, बल्कि शासन की भावी योजनाओं एवं विकास नीतियों का मजबूत आधार है। सही और प्रमाणिक जानकारी के माध्यम से ही समाज के हर वर्ग की आवश्यकताओं के अनुरूप योजनाएं तैयार की जा सकती हैं।
निगमायुक्त सुश्री परिहार ने अन्य प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों से भी प्रेरणा लेते हुए गंभीरता, पारदर्शिता एवं जिम्मेदारी के साथ जनगणना कार्य समय-सीमा में पूर्ण करने का आह्वान किया। साथ ही नागरिकों से अपील की कि वे प्रगणकों को सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराकर इस राष्ट्रीय अभियान में सहभागी बनें।
इन कर्मचारियों को मिला सम्मान
जनगणना कार्य में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए समयपूर्व कार्य पूर्ण करने पर जोन क्रमांक-1 अंतर्गत वार्ड क्रमांक 12 की प्रगणक रीना साहू एवं पर्यवेक्षक सुनील कुमार सिंह, वार्ड क्रमांक 13 की प्रगणक शशि बाला सालोमन एवं पर्यवेक्षक नीरज कुमार दुबे को सम्मानित किया गया।
इसी प्रकार जोन क्रमांक-2 अंतर्गत प्रगणक उमा सिंह एवं पर्यवेक्षक उदयभान सिंह, प्रगणक भगवती वंशकार एवं पर्यवेक्षक अभिषेक बघेल को सम्मानित किया गया। वहीं जोन क्रमांक-3 में प्रगणक सवा बेगम एवं पर्यवेक्षक अनुराग हर्ष तथा प्रगणक सुमित गर्ग एवं पर्यवेक्षक कामिनी दुबे को उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में कार्यपालन यंत्री एवं जोनल इंचार्ज जनगणना अधिकारी अंशुमान सिंह, सुधीर मिश्रा, असित खरे, नगर जनगणना अधिकारी जागेश्वर प्रसाद पाठक, मुकेश राजपूत सहित निगम के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।