कैमोर
कैमोर – औद्योगिक नगरी कैमोर में लगातार बढ़ रही ओवरलोड वाहनों की आवाजाही स्थानीय रहवासियों के लिए बड़ी परेशानी बनती जा रही है। क्षेत्र में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं के बाद भी ओवरलोडिंग पर प्रभावी रोक नहीं लग पा रही है।
जानकारी के अनुसार विगत रात्रि करीब 1 बजे शिफ्टिंग कार्य में लगा एक ओवरलोडेड हाईवा वाहन नगर के सबसे व्यस्त एवं मुख्य मार्ग से गुजर रहा था, तभी वाहन से बड़ी मात्रा में गिट्टी सड़क पर गिर गई। सड़क पर गिट्टी फैल जाने से स्थानीय लोगों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
इतना ही नहीं, एसीसी अदानी सीमेंट की रेलवे क्रॉसिंग के पास भी गिट्टी फैल जाने से मार्ग अवरुद्ध हो गया, जिससे उस रास्ते से गुजरने वाले वाहनों को काफी दिक्कतें उठानी पड़ीं। स्थानीय रहवासियों का आरोप है कि रात्रि 1 बजे से लेकर सुबह करीब 10 बजे तक सड़क पर गिट्टी बिछी रही, लेकिन उसे हटाने की कोई व्यवस्था नहीं की गई।
लोगों का कहना है कि कैमोर क्षेत्र में लगातार आरटीओ विभाग द्वारा कार्रवाई किए जाने के बावजूद ओवरलोडिंग रुकने का नाम नहीं ले रही है। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि ओवरलोड वाहनों पर सख्त कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं और संभावित दुर्घटनाओं से बचा जा सके।
इंडियन टीवी न्यूज़ कैमोर से श्याम गुप्ता की रिपोर्ट