मंडी गोबिंदगढ़ नगर परिषद चुनाव में AAP का दबदबा, 29 में से 19 वार्डों में दर्ज की जीत
विधायक गैरी बाडिग बोले- जनता ने विकास और जनहित की राजनीति पर लगाई मुहर
अमलोह(अजय कुमार)
मंडी गोबिंदगढ़ नगर परिषद चुनाव में आम आदमी पार्टी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 29 में से 19 वार्डों में जीत हासिल कर नगर परिषद में अपना मजबूत दबदबा कायम कर लिया है। इस जीत को क्षेत्र के विधायक गुरिंदर सिंह गैरी बारिंग के नेतृत्व और पार्टी की विकासोन्मुखी नीतियों पर जनता के भरोसे का परिणाम माना जा रहा है।चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद अमलोह स्थित पार्टी कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान विधायक गैरी बारिंग ने मंडी गोबिंदगढ़ के मतदाताओं और शहरवासियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जनता ने अपने मत के माध्यम से मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, पारदर्शी प्रशासन और विकास कार्यों पर विश्वास जताया है।उन्होंने कहा कि लोगों ने नकारात्मक राजनीति को नकारते हुए विकास, ईमानदारी और सुशासन के पक्ष में अपना फैसला सुनाया है। विधायक ने सभी विजयी उम्मीदवारों को बधाई देते हुए उनसे अपेक्षा जताई कि वे राजनीतिक भेदभाव से ऊपर उठकर अपने-अपने वार्डों के विकास और जनसेवा को प्राथमिकता देंगे।गैरी बारिंग ने कहा कि नगर परिषद क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार, बेहतर सड़क नेटवर्क, स्वच्छ पेयजल व्यवस्था, स्ट्रीट लाइटों और सफाई व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के लिए सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगी। उन्होंने शहरवासियों से विकास यात्रा में सहभागी बनने का आह्वान करते हुए कहा कि मंडी गोबिंदगढ़ को पंजाब के सबसे विकसित और आदर्श औद्योगिक शहरों में शामिल करना सरकार की प्राथमिकता है।चुनावी जीत के बाद पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला। कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों की थाप पर नृत्य कर जीत का जश्न मनाया तथा एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी।
फोटो कैप्शन : विधायक गुरिंदर सिंह गैरी बाडिग विजयी उम्मीदवारों और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ जीत की खुशी साझा करते हुए।