राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी।
शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने और आमजन की समस्याओं का मौके पर समाधान करने के उद्देश्य से विकासखंड ढीमरखेड़ा में सोमवार को तीन दिवसीय जनकल्याण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर के पहले दिन 70 आवेदनों का पंजीयन किया गया। कार्यक्रम में विधायक धीरेंद्र बहादुर सिंह, कलेक्टर आशीष तिवारी और पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा विशेष रूप से मौजूद रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक धीरेंद्र बहादुर सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास, सुरक्षा और सुशासन के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ गांव, गरीब, किसान, महिला, युवा और व्यापारियों तक पहुंच रहा है। विधायक ने बताया कि प्रधानमंत्री के 12 वर्ष के सफल सुशासन पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जनकल्याण शिविरों का आयोजन किया जा रहा है।
कलेक्टर आशीष तिवारी ने कहा कि शिविर का उद्देश्य शासन की 110 से अधिक जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ एक ही स्थान पर पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिविर में प्राप्त सभी आवेदनों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाए। इस दौरान विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी भी ग्रामीणों को दी गई।
कार्यक्रम के दौरान विधायक, कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया। महिला एवं बाल विकास विभाग के स्टॉल पर पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद लिया तथा अन्य विभागों की गतिविधियों की भी जानकारी प्राप्त की।
शिविर में हितलाभ वितरण कार्यक्रम के तहत पात्र दिव्यांगजनों को ट्राइसाइकिल तथा स्कूली विद्यार्थियों को साइकिलें वितरित की गईं। इसके अलावा संबल योजना की अनुग्रह राशि, लाड़ली लक्ष्मी योजना के आश्वासन प्रमाण-पत्र भी प्रदान किए गए। आधार कार्ड संबंधी समस्याओं के निराकरण एवं आयुष्मान कार्ड निर्माण के लिए भी विशेष व्यवस्था की गई थी।
कार्यक्रम का शुभारंभ कन्या पूजन के साथ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। जनकल्याण शिविर का आयोजन आगामी 16 एवं 18 जून को भी किया जाएगा।
इस अवसर पर एसडीएम निधि सिंह गोहल, जनपद पंचायत अध्यक्ष सुनीता संतोष दुबे, जनपद सीईओ यजुवेंद्र कोरी, बीएमओ डॉ. बी.के. प्रसाद सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।