राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी
जिले के कैमोर नगर में आयोजित जनकल्याण शिविर न सिर्फ हितग्राहियों के लिए लाभकारी साबित हुआ, बल्कि नगर के विकास को भी नई दिशा देने वाला साबित हुआ। शिविर में सांसद वीडी शर्मा और विजयराघवगढ़ विधायक संजय सत्येन्द्र पाठक ने शिरकत की। इस दौरान विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभ वितरित किए गए और करोड़ों रुपये के विकास कार्यों को स्वीकृति मिली।
नगर परिषद कैमोर द्वारा मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के अंतर्गत जीरो वेस्ट थीम पर जनकल्याण शिविर आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सांसद वीडी शर्मा एवं विधायक संजय सत्येन्द्र पाठक मौजूद रहे। शिविर में प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत योजना और प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि सहित विभिन्न योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया। हितग्राहियों को स्वीकृति पत्र, प्रमाण-पत्र एवं सहायता राशि के चेक वितरित किए गए।
शिविर के बाद सांसद और विधायक ने नगर परिषद के जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के साथ विकास कार्यों की समीक्षा बैठक की। बैठक में पहले से संचालित विकास कार्यों की प्रगति पर संतोष व्यक्त किया गया और नगर के विभिन्न वार्डों में आवश्यक निर्माण कार्यों पर विस्तार से चर्चा हुई।
इस अवसर पर विधायक संजय सत्येन्द्र पाठक ने नगर के समग्र विकास के लिए लगभग 5 करोड़ 50 लाख रुपये की लागत से 32 नए निर्माण कार्यों की स्वीकृति की जानकारी दी। उन्होंने अधिकारियों को सभी कार्य समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों, हितग्राहियों और नगरवासियों के साथ आत्मीय संवाद भी हुआ। अतिथियों ने सामूहिक सहभोज में सहभागिता कर सामाजिक सौहार्द और जनसंपर्क का संदेश दिया।
आउट्रो:
कैमोर में आयोजित यह जनकल्याण शिविर एक ओर जहां पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ पहुंचाने में सफल रहा, वहीं दूसरी ओर करोड़ों रुपये के विकास कार्यों की स्वीकृति के साथ नगर के विकास को नई गति देने वाला साबित हुआ।