साइबर अपराधों के प्रति आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे *”SAFE CLICK 2.0″* अभियान के तहत शुक्रवार दोपहर थाना मोरवा पुलिस द्वारा साइबर जागरूकता बाइक रैली का आयोजन किया गया। रैली थाना परिसर से प्रारंभ होकर नगर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए लोगों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने का संदेश देती रही।
रैली का नेतृत्व *एसडीपीओ रोशमी कुर्मी एवं थाना प्रभारी डॉ. ज्ञानेंद्र सिंह* ने किया। इस दौरान दोनों अधिकारी पुलिस बल के साथ दोपहिया वाहनों पर सवार होकर मोरवा बस स्टैंड, पुरानी बाजार, यूबीआई रोड, मस्जिद तिराहा तथा एलआईजी रोड सहित विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचे और नागरिकों को साइबर ठगी से बचाव संबंधी जानकारी दी।
पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि किसी भी अनजान व्यक्ति को ओटीपी, बैंक खाता संबंधी जानकारी, एटीएम पिन अथवा यूपीआई पासवर्ड साझा न करें। संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें तथा साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।
रैली के दौरान पुलिस कर्मियों ने साइबर सुरक्षा संबंधी संदेशों का प्रचार-प्रसार करते हुए डिजिटल अरेस्ट, ऑनलाइन फ्रॉड, फर्जी कॉल एवं सोशल मीडिया हैकिंग जैसे अपराधों के प्रति लोगों को सचेत किया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जागरूकता ही साइबर अपराधों से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम है।
संवाददाता आशीष सोनी