ITN National

इंडियन टीवी न्यूज

Advertisement

बारिश ने खोली जिला अस्पताल की पोल: स्टोर रूम में घुसा पानी, दवाइयां और चिकित्सा सामग्री हुई खराब

```

पांढुर्णा। जिले के सिविल अस्पताल में बारिश के बाद अव्यवस्थाओं की तस्वीर सामने आई है। अस्पताल भवन की तीसरी मंजिल पर चल रहे निर्माण कार्य के दौरान बरसात का पानी नीचे स्थित स्टोर रूम तक पहुंच गया, जिससे वहां रखी दवाइयां, कॉटन और अन्य चिकित्सा सामग्री भीगकर खराब हो गई। घटना के बाद अस्पताल प्रबंधन की कार्यप्रणाली और निर्माण कार्य की निगरानी पर सवाल उठने लगे हैं।

जानकारी के अनुसार, निर्माण स्थल का गेट खुला होने के कारण बारिश का पानी सीधे स्टोर रूम तक पहुंच गया। पानी भरने से आवश्यक चिकित्सा सामग्री को नुकसान पहुंचा, जिससे अस्पताल को आर्थिक हानि होने के साथ भविष्य में मरीजों के उपचार के लिए जरूरी संसाधनों की उपलब्धता भी प्रभावित हो सकती है।

मामले की जानकारी मिलने पर प्रभारी बीएमओ डॉ. मिलिंद गजभिये ने तत्काल निर्माण कार्य कर रहे ठेकेदार को आवश्यक निर्देश जारी किए। उन्होंने निर्माण स्थल पर ऐसे इंतजाम करने को कहा है जिससे भविष्य में बारिश का पानी स्टोर तक न पहुंचे। साथ ही निर्माण स्थल का गेट हमेशा बंद रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।

अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि स्टोर में हुई क्षति का आकलन किया जा रहा है। घटना के बाद निर्माण कार्य की गुणवत्ता और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि अस्पताल जैसी महत्वपूर्ण संस्था में निर्माण कार्य के दौरान पर्याप्त सावधानी बरती जानी चाहिए, ताकि मरीजों और अस्पताल की आवश्यक सामग्री को किसी प्रकार का नुकसान न पहुंचे।

फिलहाल अस्पताल प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रित करने और भविष्य में ऐसी घटना दोबारा न हो, इसके लिए आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया है।
राजेश चौधरी पांढुर्णा INT NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *