दुद्धी सोनभद्र ।(विवेक सिंह)दुद्धी तहसील व आसपास के गांवों में विद्युत आपूर्ति में जल्द ही सुधार होने की उम्मीद है। लंबे समय से बरसात के दिनों में पिपरी पावर हाउस से आने वाली 33000 वोल्ट लाइनें जंगली रास्तों से गुजरने के कारण टूट-फूट और पेड़ों की टूटने से बाधित हो जाती थीं, जिसके कारण कस्बा व आसपास के इलाके बार-बार बिजली कटौती और लो-वोल्टेज से जूझते रहे हैं।
समस्या का समाधान करने के लिए शासन व विद्युत विभाग ने किरबिल में स्थापित 132 केवी विद्युत परियोजना से नई 33 केवी लाइनें बिछाने का निर्णय लिया है। परियोजना के तहत किरबिल से दुद्धी, अमवार और डुमरडीहा सब-स्टेशनों तक नई 33 केवी आपूर्ति लाइनें डाली जा रही हैं। काम पहले चरण में शुरू हो चुका है और विभागीय स्रोतों के अनुसार यदि काम में तेजी बरती गई तो पूरा कार्य लगभग दो महीने में पूरा होने की संभावना है।
वर्तमान में इन क्षेत्रों को रिहंद बाँध स्थित पिपरी पावर हाउस से बिजली आपूर्ति मिलती रही है। नई लाइनें लगने के बाद न केवल पेड़ों के गिरने से होने वाले नुकसान और इंसुलेटर खराब होने जैसी समस्याओं में कमी आएगी, बल्कि लो-वोल्टेज की समस्या एवं बार-बार होने वाली कटौती में भी महत्वपूर्ण सुधार होगा। इससे आंचलिक व्यापार, स्कूल कॉलेजों तथा घरेलू उपयोग में स्थिर व भरोसेमंद विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित होगी।
सूत्रों ने बताया कि लाइन ट्रेसिंग और खंभे लगाने का कार्य क्रमवार तरीके से किया जा रहा है। जहां आवश्यक होगा, वहां कृषि मार्गों व झाड़ियों से बचाव के लिए कटाई व मरम्मत का भी कार्य होगा।
क्षेत्रीय लोगों व दुकानदारों ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा है कि बरसात के दिनों में बार-बार आने वाली बिजली कटौती से परेशान थीं; नई लाइनें लगने के बाद रोजमर्रा की जिंदगी व कारोबार पर इसका सकारात्मक असर पड़ेगा।